हेमंत सरकार की योजनाओं की लोकप्रियता से बौखलाई भाजपा, फैला रही झूठ : विनोद कुमार पांडेय
रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की लोकप्रिय योजनाओं के खिलाफ झूठ और भ्रम फैलाने का गंभीर आरोप लगाया है। पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार की “अबुआ आवास योजना” ने झारखंड के गरीबों और वंचितों को पक्का घर देने का सपना साकार किया है, जिससे आज यह योजना जनता की पहली पसंद बन गई है। उन्होंने दावा किया कि अबुआ आवास योजना की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा घबरा गई है, क्योंकि लोग अब प्रधानमंत्री आवास योजना से पहले अबुआ आवास की मांग कर रहे हैं।
केंद्र सरकार पर भेदभाव का आरोप
विनोद पांडेय ने केंद्र सरकार पर झारखंड के प्रति भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत झारखंड को आवास स्वीकृत नहीं किए, जिससे गरीबों को छत से वंचित रखा गया। इसके बावजूद, हेमंत सरकार ने अपनी दूरदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ राज्य निधि से अबुआ आवास योजना शुरू की, जो गरीबों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
भाजपा की मानसिकता पर सवाल
पांडेय ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह वही पार्टी है, जिसने जानबूझकर झारखंड की चुनी हुई सरकार को बदनाम करने के लिए विकास योजनाओं में अड़ंगे डाले। उन्होंने कहा, “भाजपा कभी नहीं चाहेगी कि झारखंड का गरीब खुशहाल हो और उसे पक्का घर मिले।” उन्होंने जोर देकर कहा कि अबुआ आवास योजना और मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना जैसी योजनाओं की लोकप्रियता से भाजपा असहज है और वह झूठ के बल पर राजनीति करने की कोशिश कर रही है।
जनता सब जानती है
झामुमो महासचिव ने कहा कि भाजपा को यह नहीं भूलना चाहिए कि जनता ने उनकी नीतियों से तंग आकर उन्हें सत्ता से बाहर किया था। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता अब भाजपा के झूठे प्रचार को अच्छी तरह समझ चुकी है और वह हेमंत सरकार के काम पर भरोसा करती है। पांडेय ने यह भी बताया कि सरकार हर जिले में योजनाओं को गति देने के लिए ठोस कदम उठा रही है। बारिश और भुगतान प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं को दूर कर अबुआ आवास योजना के तहत मकानों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है।
जनता का भरोसा हेमंत सरकार पर
विनोद पांडेय ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि जनता भाजपा के झूठे आरोपों पर नहीं, बल्कि हेमंत सरकार के ठोस कार्यों पर भरोसा कर रही है। उन्होंने कहा, “ये पब्लिक है, सब जानती है।” हेमंत सरकार की योजनाएं झारखंड के विकास और गरीबों के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित हो रही हैं, और भाजपा का भ्रम फैलाने का प्रयास जनता के सामने बेनकाब हो चुका है।

















