झारखंड विधानसभा मानसून सत्र: तीसरे दिन अतिवृष्टि और अनुपूरक बजट पर होगी चर्चा

झारखंड विधानसभा मानसून सत्र: तीसरे दिन अतिवृष्टि और अनुपूरक बजट पर होगी चर्चा

Share
Link copied

रांची : झारखंड विधानसभा का पूरक मानसून सत्र आज मंगलवार, 26 अगस्त को अपने तीसरे दिन में प्रवेश करेगा। सत्र की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी और आज का दिन अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के मुद्दों और वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रथम अनुपूरक बजट पर चर्चा के लिए समर्पित होगा। विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी औपचारिक कार्यक्रम के अनुसार, आज प्रश्नकाल के बाद राजकीय विधेयकों और अन्य सरकारी कार्यों पर विचार-विमर्श होगा।

सत्र के पहले दिन 25 अगस्त को पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार हंगामा देखने को मिला था, जिसके कारण स्पीकर रवीन्द्रनाथ महतो को सदन की कार्यवाही दोपहर 12:30 बजे तक स्थगित करनी पड़ी थी। विपक्ष ने सूर्या हांसदा मुठभेड़, नगड़ी रिम्स टू मामले, और विश्वविद्यालय संशोधन बिल जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश की, जबकि सत्तापक्ष ने संविधान संशोधन और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर विपक्ष को जवाब दिया। आज भी सदन में गर्मागर्म बहस और हंगामे की आशंका बनी हुई है।

इस सत्र को विशेष रूप से किसानों के लिए समर्पित किया गया है। आज अतिवृष्टि के कारण फसलों को हुए नुकसान और किसानों की समस्याओं पर विशेष चर्चा होगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सुझाव पर यह निर्णय लिया गया है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों इस चर्चा में सक्रिय रूप से भाग लेंगे। संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि यह सत्र जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा के लिए एक अवसर है।

सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पर सामान्य चर्चा और मतदान होगा। इसके साथ ही संबंधित विनियोग विधेयक का उपस्थापन और पारण भी किया जाएगा। यह बजट राज्य के विकास कार्यों और आपातकालीन जरूरतों को पूरा करने के लिए महत्वपूर्ण है।

27 अगस्त को सदन में अवकाश रहेगा, जबकि 28 अगस्त को प्रश्नकाल के बाद राजकीय विधेयक, अन्य सरकारी कार्य, और गैर-सरकारी संकल्पों पर चर्चा होगी। इसके अलावा, दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने का प्रस्ताव भी सदन में पेश किया जाएगा।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow