चाईबासा लाठीचार्ज पर भाजपा आक्रामक : राज्यव्यापी पुतला दहन, 29 अक्टूबर को चाईबासा-सरायकेला बंद का आह्वान
रांची : चाईबासा में एनएच-220 पर बीती रात हुए लाठीचार्ज को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने इसे “जनविरोधी, बर्बर और हिंसक कार्रवाई” करार देते हुए आज पूरे प्रदेश में हेमंत सरकार का पुतला दहन किया। वहीं, पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) और सरायकेला-खरसावां जिलों में कल 29 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक 12 घंटे के बंद का आह्वान किया गया है। आवश्यक सेवाओं को इससे मुक्त रखा गया है।
यह घोषणा भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने रांची में आयोजित प्रेसवार्ता में की। उन्होंने कहा कि चाईबासा में भारी वाहनों की नो इंट्री की मांग को लेकर आदिवासी-मूलवासी समाज के लोग शांतिपूर्ण तरीके से धरना और मंत्री आवास घेराव कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने बर्बरता दिखाते हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। भगदड़ में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई अब भी इलाज कराने से डर रहे हैं।
आदित्य साहू ने कहा, “लोकतंत्र में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन जनता का अधिकार है, लेकिन हेमंत सरकार हर लोकतांत्रिक आवाज को लाठी और गोली से कुचल रही है। यह सरकार पूरी तरह जनविरोधी है।”
भाजपा नेता ने बताया कि चाईबासा बाईपास (एनएच-220) पर पिछले दो वर्षों से लगातार भारी वाहन चलने से दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ गई है। केवल पिछले एक वर्ष में 154 लोगों की मौत हुई है, जबकि पिछले 10 दिनों में 4 लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता की यह मांग बिल्कुल जायज है कि रात में भारी वाहनों की आवाजाही रोकी जाए।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि सरकार जनता की पीड़ा सुनने की बजाय दमन की नीति अपना रही है। उन्होंने कहा, “हेमंत सरकार आदिवासी, दलित, महिला, किसान और युवा विरोधी सरकार है। जनता की जान से ज्यादा खनन माफिया का हित इनकी प्राथमिकता बन गया है।”
भाजपा ने चाईबासा घटना की न्यायिक जांच की भी मांग की है। प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी भी उपस्थित थे।


















