नकली कफ सिरप के खिलाफ स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का सख्त एक्शन, मचा हड़कंप!
रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नकली और कोडीनयुक्त कफ सिरप के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए राज्यव्यापी अभियान छेड़ दिया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि जीवन और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी हॉस्पिटल या मेडिकल दुकान में नकली दवाइयां, एक्सपायरी दवाइयां या कोडीनयुक्त कफ सिरप पाई गई, तो उनका जीना दुश्वार कर दूंगा। दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!दवा माफियाओं की संदिग्ध हरकतें आईं सामने
आज रांची और आसपास के इलाकों में कई दवा माफियाओं ने नकली दवाइयों और कफ सिरप को भूमिगत रूप से फेंककर छिपाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने इस संदिग्ध गतिविधि को देखते ही तत्काल स्वास्थ्य मंत्री को सूचित कर दिया। मंत्री ने फौरन त्वरित कार्रवाई का निर्देश देते हुए संबंधित पदाधिकारियों को मौके पर भेजा और जांच प्रारंभ करने का आदेश दिया।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “यह पता लगाया जाए कि यह कफ सिरप किस कंपनी की है, किसने इसे यहां फेंका, और यह बाजार में कैसे पहुंची। दोषियों की पहचान कर उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाएगी।” उन्होंने सभी मेडिकल दुकानदारों को आगाह किया कि यदि किसी दुकान में नकली या नशे की कफ सिरप पाई गई, तो दुकान तुरंत सील की जाएगी और संचालक को जेल भेज दिया जाएगा।
नकली दवाओं पर लगातार नकेल कस रही सरकार
यह अभियान हाल ही में मध्य प्रदेश और राजस्थान में कफ सिरप से बच्चों की मौत की घटनाओं के बाद और तेज हो गया है। झारखंड सरकार ने पहले ही Coldref, Repifresh और Relife नामक तीन कफ सिरप पर तत्काल प्रभाव से बैन लगा दिया है।

















