राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अंगोला और बोत्सवाना की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा पर रवाना
नई दिल्ली : भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू आज अंगोला और बोत्सवाना की छह दिवसीय राजकीय यात्रा पर रवाना हो गईं। यह यात्रा 8 से 13 नवंबर 2025 तक चलेगी और यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की इन दोनों अफ्रीकी देशों की पहली राजकीय यात्रा है। यह दौरा भारत की अफ्रीका महाद्वीप के साथ मजबूत साझेदारी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है तथा अंगोला और बोत्सवाना के साथ ऐतिहासिक संबंधों को नई गति प्रदान करेगा।
यात्रा का मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करना, सहयोग के नए क्षेत्रों की तलाश करना और ऊर्जा, व्यापार, विकास, संस्कृति तथा लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करना है। इस वर्ष भारत और अंगोला राजनयिक संबंधों की स्थापना की 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं, जबकि बोत्सवाना के साथ संबंधों को नई ऊर्जा मिलेगी।
राष्ट्रपति मुर्मू 8 नवंबर को अंगोला की राजधानी लुआंडा पहुंचेंगी। यह यात्रा अंगोला गणराज्य के राष्ट्रपति श्री जोआओ मैनुअल गोनसाल्वेस लौरेन्को के निमंत्रण पर हो रही है। 9 नवंबर को राष्ट्रपति लौरेन्को के साथ द्विपक्षीय वार्ता निर्धारित है, वहीं 11 नवंबर को अंगोला की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगी। इसके अलावा अंगोला संसद को संबोधन और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय से मुलाकात करेंगी।
अंगोला दौरे के बाद 11 नवंबर को राष्ट्रपति बोत्सवाना की राजधानी गैबोरोन पहुंचेंगी, जहां दोनों देशों की लंबे समय से चली आ रही मित्रता को और मजबूत किया जाएगा। इसके अगले दिन 12 नवंबर को बोत्सवाना के राष्ट्रपति बोको के साथ द्विपक्षीय वार्ता का कार्यक्रम है।


















