झारखंड सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष पूरा : रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य राज्यस्तरीय समारोह, CM हेमन्त सोरेन ने 8,792 युवाओं को सौंपा नियुक्ति पत्र
रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के दूरदर्शी नेतृत्व में झारखंड सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष पूरा होने पर शुक्रवार को मोरहाबादी मैदान में भव्य राज्यस्तरीय समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक साथ 8,792 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ा दी।
“आप जहां रहें, कम से कम एक नौजवान को अपने जैसा बनाने का संकल्प लें”
नियुक्ति पत्र वितरण के बाद अपने संबोधन में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने नव नियुक्त युवाओं से कहा, “आप सरकार के अभिन्न अंग बन चुके हैं। आप जहां भी पदस्थापित होंगे, वहां कम से कम एक नौजवान को अपने जैसा बनाने का संकल्प जरूर लें। अगर हम ऐसा कर पाए तो झारखंड की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल जाएंगी।” मुख्यमंत्री ने कहा कि सिर्फ इस वर्ष में ही 16 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी और 8 हजार से अधिक को गैर-सरकारी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया गया है। नियुक्तियों का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
दिशोम गुरु शिबू सोरेन को याद कर भावुक हुए CM
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री का मन उत्साहित भी था और उदास भी। उन्होंने कहा, “आज हम सरकार की पहली वर्षगांठ मना रहे हैं, लेकिन मन उदास भी है क्योंकि दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी इस ऐतिहासिक पल में हमारे बीच नहीं हैं। अगर वे होते तो इतनी बड़ी संख्या में युवाओं को नियुक्ति पत्र देते देख सबसे ज्यादा खुश वे ही होते।”
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने महान समाज सुधारक ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
महिला सशक्तिकरण का जीता-जागता उदाहरण : मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधी आबादी को सशक्त बनाने के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना का व्यापक असर दिख रहा है। एक महिला अभ्यर्थी का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि मईयां सम्मान योजना से मिली राशि से उसने अपनी पढ़ाई पूरी की और आज सहायक आचार्य बनकर नियुक्ति पत्र ले रही हैं। उन्होंने बताया कि जेपीएससी सिविल सेवा में 30% और सहायक आचार्य के 40% पदों पर महिलाएं चयनित हुई हैं, जो महिला सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण है।
इन पदों पर हुई नियुक्तियां
कार्यक्रम में कुल 8,792 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिनमें 11वीं से 13वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा से चयनित 197 उप समाहर्ता, 35 पुलिस उपाधीक्षक, 55 राज्य कर पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक पद, 8,291 सहायक आचार्य, 150 कीटपालक, 22 दंत चिकित्सक, कर्तव्य के दौरान शहीद 84 पुलिसकर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा आधार पर नियुक्ति पत्र शामिल हैं।
मंच पर मौजूद गणमान्य व्यक्ति
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राधा कृष्ण किशोर, दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, हफीजुल हसन, इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार (सोनू), शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक ममता देवी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह सहित अनेक वरीय अधिकारी उपस्थित थे।


















