घने कोहरे के कारण भारत-साउथ अफ्रीका चौथा टी20 मैच रद्द, सीरीज में भारत 2-1 से आगे
लखनऊ : भारत और साउथ अफ्रीका के बीच जारी पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का चौथा मुकाबला घने कोहरे के कारण रद्द करना पड़ा। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में निर्धारित इस मैच में टॉस तक नहीं हो सका। अंपायर्स ने कई बार मैदान का निरीक्षण किया, लेकिन दृश्यता बेहद कम होने के कारण अंत में मैच रद्द करने का फैसला लिया गया।
भारत इस सीरीज में फिलहाल 2-1 से आगे है। सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम इस मैच में जीत हासिल कर सीरीज अपने नाम करने की कोशिश करेगी।
मैच से पहले ही कोहरा छाया हुआ था, जिसके कारण टॉस में देरी हुई। शाम होते-होते कोहरा और घना हो गया, जिससे खेलना असंभव हो गया। यह लखनऊ में दिसंबर में रात के टी20 मैच का पहला मौका था, जहां मौसम ने खेल बिगाड़ दिया।
सीरीज की बात करें तो भारत ने पहला मैच कटक में 101 रनों से जीता, दूसरा मैच न्यू चंडीगढ़ में साउथ अफ्रीका ने जीतकर स्कोर 1-1 किया, जबकि तीसरा मैच धर्मशाला में भारत ने 7 विकेट से जीतकर बढ़त बनाई। अब पांचवां मैच सीरीज का फैसला करेगा।


















