सिमडेगा : बानो में पत्नी की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, पति गिरफ्तार
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा जिले के बानो थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते हुई एक महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर सफल उद्भेदन कर लिया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
रविवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक एम अर्शी ने मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बानो थाना क्षेत्र के डोलडाड़ी मुंडा टोला (जेम्स टोला) में हुई इस घटना में मृतका की उम्र करीब 18 वर्ष थी। पारिवारिक विवाद बढ़ने पर आरोपी पति आक्रोश में आ गया और लात-घूंसों से मारपीट कर पत्नी की हत्या कर दी।
बानो थाना कांड संख्या 61/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया था। पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के साथ-साथ मजबूत खुफिया तंत्र के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी एम अर्शी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी, खून लगी साइकिल, घटना के समय पहना गया खून लगा स्वेटर और टोपी बरामद की गई है। ये सभी साक्ष्य विधिवत जब्त कर लिए गए हैं और इन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
मामला मृतका महिमा कंडुलना (उम्र लगभग 18 वर्ष) के फर्द बयान पर दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

















