राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सरायकेला में प्रोटोकॉल तोड़कर जनता का दिल जीता
सरायकेला-खरसावां : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में अपनी सादगी और आत्मीयता से आम जनता का दिल जीत लिया। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद वापसी के दौरान राष्ट्रपति ने सुरक्षा प्रोटोकॉल को दरकिनार कर मुख्य सड़क पर गाड़ी से उतरकर जनता से सीधा संवाद किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!NIT आदित्यपुर परिसर में आयोजित दीक्षांत समारोह के समापन के बाद राष्ट्रपति का काफिला सरायकेला मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। आकाशवाणी चौक के पास सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में एकत्रित जनसैलाब को देखते ही राष्ट्रपति ने अपनी गाड़ी रुकवाई। इसके बाद वे गाड़ी से उतरीं और करीब आधा किलोमीटर पैदल चलकर लोगों के बीच पहुंचीं। राष्ट्रपति ने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया और छोटे बच्चों को चॉकलेट भी बांटी।
इस दौरान आम जनता ने उत्साह के साथ “भारत माता की जय” और “राष्ट्रपति जी जिंदाबाद” के नारे लगाए। सड़क किनारे खड़े लोग राष्ट्रपति को इतने करीब देखकर भावुक हो गए। कई लोगों की आंखें नम हो गईं, जबकि बच्चे और बुजर्ग राष्ट्रपति की इस आत्मीयता से अभिभूत नजर आए।
राष्ट्रपति की इस सहजता ने सुरक्षा घेरे को भी हैरान कर दिया, लेकिन उनकी मुस्कान और जनता से जुड़ाव ने सभी का मन मोह लिया। स्थानीय लोगों ने इसे ऐतिहासिक पल बताया और कहा कि राष्ट्रपति की सादगी ने उन्हें अपनी दीदी जैसा अहसास कराया।

















