रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गांजा तस्करी के मामले में दो गिरफ्तार, 1 किलो से अधिक गांजा और 2.71 लाख रुपये नकद बरामद
रांची : रांची पुलिस ने नववर्ष के पहले दिन बड़ी सफलता हासिल की है। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मधुकम रूगड़ीगड़ा इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने अवैध गांजा की खरीद-बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों से करीब 1.052 किलोग्राम गांजा, गांजा बिक्री से प्राप्त 2 लाख 71 हजार रुपये नकद, दो स्कूटी और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस को 01 जनवरी 2026 की रात करीब 10:46 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि मधुकम रूगड़ीगड़ा में नूतून लिंडा के घर अवैध गांजा की खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (कोतवाली) प्रकाश सोय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर घर की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने दो व्यक्तियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूतून लिंडा उर्फ मिथुन (36 वर्ष), पिता स्वर्गीय लक्ष्मण लिंडा, निवासी शास्त्री चौक, मधुकम रूगड़ीगड़ा और अमन जायसवाल (28 वर्ष), पिता अजय जायसवाल, निवासी न्यू मधुकम रोड नंबर-5, दोनों सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के रूप में हुई।
घर की तलाशी में कमरे से प्लास्टिक में रखा 1.052 किलोग्राम गांजा और पलंग के नीचे बॉक्स से 2.71 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। उन्होंने कबूल किया कि मुख्य सरगना नन्हकु लिंडा (नूतून का भाई) बाहर से गांजा लाता है और वे पुड़िया बनाकर बेचते हैं। पुलिस को देखकर सरगना अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। बरामद नकद गांजा बिक्री की राशि बताया गया।
आरोपियों का अपराधिक इतिहास रहा है नूतून लिंडा उर्फ मिथुन पर पहले से सुखदेवनगर थाना में NDPS एक्ट का एक मामला (कांड संख्या 528/24) दर्ज है। वहीं अमन जायसवाल पर चोरी का मामला (कांड संख्या 181/24) और NDPS एक्ट का मामला (कांड संख्या 88/25) दर्ज है।
इस संबंध में सुखदेवनगर थाना में कांड संख्या 1/26 दिनांक 01.01.2026 दर्ज कर NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B)/22 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

















