ओरमांझी चौक पर NH-20 फ्लाईओवर को मिली मंजूरी, आदित्य साहू ने PM मोदी और नितिन गडकरी का जताया आभार
रांची : भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति झारखंड की जनता की ओर से हृदय से आभार व्यक्त किया है। यह आभार रांची के ओरमांझी प्रखंड में NH-20 पर स्थित ओरमांझी चौक (जिसे शास्त्री चौक या ब्लॉक चौक के नाम से भी जाना जाता है) पर प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण की मंजूरी मिलने के बाद व्यक्त किया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आदित्य साहू ने बताया कि विगत जुलाई महीने में उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा के साथ मिलकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा था, जिसमें ओरमांझी चौक पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग की गई थी। माननीय मंत्री ने इस मांग को गंभीरता से लिया और जल्द ही स्वीकृति प्रदान कर दी, साथ ही लिखित सूचना भी जारी की।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा, “यह मोदी सरकार की संवेदनशीलता और जन-केंद्रित दृष्टिकोण का बेहतरीन उदाहरण है, जो जनता की छोटी-बड़ी समस्याओं को प्राथमिकता देकर उन्हें हल करती है। इसी लोकप्रियता और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत के कारण मोदी सरकार तीसरी बार सत्ता में आई है और जनता का विश्वास जीत रही है।”
यह फ्लाईओवर निर्माण रांची-रामगढ़ NH-20 पर ट्रैफिक जाम की समस्या को काफी हद तक कम करेगा, जिससे ओरमांझी क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। यह मोदी सरकार की इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

















