झारखंड के कोडरमा में हड़कंप: बिरहोर समुदाय के 10 आदिवासी बच्चे रहस्यमय तरीके से लापता, एक सप्ताह बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले से एक बेहद चिंताजनक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) बिरहोर समुदाय के 10 मासूम बच्चे पिछले एक सप्ताह से लापता हैं। इन बच्चों का अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। परिजन रो-रोकर बेबस हो रहे हैं, जबकि प्रशासन खोजबीन में जुटी हुई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जयनगर थाना क्षेत्र के खरियोडीह पंचायत अंतर्गत गड़ियाई बिरहोर टोला के ये सभी बच्चे अपने परिजनों के साथ पड़ोसी जिले परसाबाद में एक श्राद्ध भोज (श्राद्ध कार्यक्रम) में शामिल होने गए थे। भोज में खाना खाने के बाद बच्चे घर लौटने के बजाय अचानक गायब हो गए। परिजनों ने काफी समय तक अपने स्तर पर बच्चों की तलाश की। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में छानबीन करने के बाद जब सफलता नहीं मिली, तब पुलिस को सूचित किया गया।
एक साथ 10 बच्चों का गायब होना कई तरह के गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता इसे मानव तस्करी के कोण से भी देख रहे हैं, हालांकि पुलिस अभी किसी भी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। पुलिस की टीमें आसपास के जिलों और थानों से भी संपर्क में हैं। रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या बच्चों को किसी वाहन के जरिए जिले से बाहर ले जाया गया है।
परिजनों का कहना है कि बच्चे भोज में खुशी-खुशी गए थे, लेकिन वापसी का कोई पता नहीं चला। मां-बाप और रिश्तेदार दिन-रात रो रहे हैं, पुलिस थाने के चक्कर काट रहे हैं।
















