कोडरमा के 10 लापता बिरहोर बच्चे बिहार के गया से सकुशल बरामद, पुलिस प्रशासन और परिजनों ने ली राहत की सांस

कोडरमा के 10 लापता बिरहोर बच्चे बिहार के गया से सकुशल बरामद, पुलिस प्रशासन और परिजनों ने ली राहत की सांस

Share
Link copied

कोडरमा/जयनगर : झारखंड के कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गडियाई बिरहोर टोला से एक सप्ताह से लापता 10 बिरहोर समुदाय के बच्चों को बिहार के गया जिले से सकुशल बरामद कर लिया गया है। इस खबर से स्थानीय पुलिस प्रशासन और परिजनों ने राहत की सांस ली है।

बच्चे 31 जनवरी को परसाबाद में एक भोज (श्राद्ध कार्यक्रम) में शामिल होने गए थे, जहां से वे वापस नहीं लौटे थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और खोजबीन शुरू की थी।

गया जिले के दो थाना क्षेत्रों से ये बच्चे 2 फरवरी को ही स्थानीय पुलिस को मिल गए थे। पुलिस ने उन्हें चाइल्ड लाइन को सौंप दिया था। इसके बाद बाल कल्याण समिति, गया के आदेश पर बच्चों को सुरक्षित अलग-अलग स्थानों पर रखा गया। 3 बच्चे परैया थाना क्षेत्र के सोलरा गांव से बरामद हुए, जबकि 7 बच्चे मुफ्स्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बुढ़ी पैमार से मिले।

भाषा और संवाद की दिक्कतों के कारण पहचान में देरी हुई, लेकिन चाइल्ड लाइन के व्हाट्सएप ग्रुप में तस्वीरें साझा होने के बाद कोडरमा पुलिस को सूचना मिली। कोडरमा पुलिस की टीम ने बाल कल्याण समिति के समन्वय से बच्चों की पहचान की और उन्हें सुरक्षित वापस लाया।

प्रशासन ने बताया कि बच्चों को अब उनके परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जारी है कि बच्चे गया कैसे पहुंचे और क्या कोई अन्य वजह थी। यह घटना आदिम जनजाति बिरहोर समुदाय के लिए बड़ी चिंता का विषय बनी थी, लेकिन अब सभी बच्चे सुरक्षित हैं।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow