congress-will-strongly-voice-its-opposition

SIR और MMDR संशोधन एक्ट के खिलाफ सदन में मजबूती से आवाज उठाएगी कांग्रेस, प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजेगी

Share
Link copied
congress-will-strongly-voice-its-opposition
congress-will-strongly-voice-its-opposition

रांची: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। मंगलवार को कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम 2026 (MMDR) को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि कांग्रेस सदन में दोनों मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाएगी और MMDR संशोधन अधिनियम के विरोध में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की मांग करेगी।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और प्रदेश सह प्रभारी भूपेंद्र मारावी मौजूद रहे। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि SIR के माध्यम से मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। जिस मताधिकार के आधार पर लोकतंत्र स्थापित है, उसे कमजोर करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने पश्चिम बंगाल और बिहार में हुए SIR का हवाला देते हुए कहा कि इसके प्रभाव पूरे देश ने देखे हैं। उनके अनुसार, पश्चिम बंगाल में 93 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं और 33 लाख मतदाताओं के मामले अभी ट्रिब्यूनल में लंबित हैं। करीब 1.07 लाख मतदाताओं की सुनवाई में लगभग 93 प्रतिशत के दावे सही पाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में भी बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। कांग्रेस इस पूरे मामले पर विधानसभा के विशेष सत्र में विस्तृत चर्चा करेगी।

प्रदीप यादव ने MMDR संशोधन अधिनियम 2026 पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि इसके जरिए राज्यों के अधिकार सीमित करने और उन्हें आर्थिक रूप से कमजोर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पहले भी GST सहित विभिन्न माध्यमों से राज्यों के अधिकारों को सीमित करने की कोशिश करती रही है। कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सदन में इस संशोधन के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से इसे रद्द करने की मांग की जाएगी।

बैठक में विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, अनूप सिंह, निशात आलम, सोनाराम सिंकू, भूषण बाड़ा, सुरेश बैठा, ममता देवी और नमन विक्सल कोंगाड़ी सहित अन्य विधायक उपस्थित थे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।