मां की हत्या के आरोप में पुत्र गिरफ्तार, जलडेगा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दबोचा

सिमडेगा: जलडेगा थाना क्षेत्र के केलुंगा पाहनटोली गांव में मां की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोशन समद (26) के रूप में हुई है। पुलिस उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।
मंगलवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस इंस्पेक्टर भिखारी राम ने बताया कि 24 नवंबर की सुबह करीब सात बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि केलुंगा पाहनटोली गांव में एक महिला की उसके पुत्र ने हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वहां महिला तरिशला समद (पति स्व. सिलवेस्टर समद) बिस्तर पर मृत अवस्था में मिलीं।
इस मामले में मृतका की पुत्री ने अपने भाई रोशन समद के खिलाफ मां की हत्या करने का लिखित आवेदन जलडेगा थाने में दिया। इसके आधार पर जलडेगा थाना कांड संख्या 73/26, दिनांक 24 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 64/103(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने अनुसंधान करते हुए नामजद आरोपी रोशन समद को गिरफ्तार कर लिया।
घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर आरोपी पर हत्या से पहले मां के साथ दुष्कर्म करने का आरोप भी लगाया जा रहा है। इसके अलावा पूर्व में पिता को आग लगाकर मारने की कोशिश करने और नशे के लिए पैसे मांगने को लेकर परिवार में विवाद होने की बातें भी सामने आई हैं। हालांकि, इन अतिरिक्त आरोपों की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

राहे में 1,000 लाभुकों के बीच बांटे गए 2.90 करोड़ रुपये, पलाश-JSLPS ने चलाए आजीविका और महिला सशक्तीकरण के कार्यक्रम
रांची: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रांची जिले में पलाश-JSLPS की ओर से ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने, महिलाओं को आर्थिक…

रांची स्टेशन पर ट्रेन से 52 बोतल अवैध शराब बरामद, कीमत 18,400 रुपये
रांची: रेलवे में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत RPF की संयुक्त टीम ने रांची रेलवे स्टेशन…

















