तमाड़ में मतदाता सूची के सत्यापन में सामने आए सात युवा वोटर, अब तक दर्ज नहीं है नाम

रांची: झारखंड में मतदाता सूची को दुरुस्त करने और पात्र नागरिकों का नाम दर्ज कराने के लिए चलाए जा रहे होम-टू-रोल सत्यापन अभियान के दौरान तमाड़ विधानसभा क्षेत्र में सात ऐसे युवा मतदाताओं की पहचान हुई है, जो निर्धारित पात्रता पूरी करने के बावजूद अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सत्यापन कार्य की समीक्षा की।
इस दौरान मतदान केंद्र संख्या 7, 100 और 255 के अंतर्गत डिम्बुजारदा गांव, जंगामी गांव और बुंडू शहरी क्षेत्र में मतदाता सूची के सत्यापन का जायजा लिया गया। चार अलग-अलग स्थानों पर किए गए सैंपल सर्वेक्षण में लगभग 24 से 30 घरों का भ्रमण कर वहां रहने वाले नागरिकों की मतदाता सूची से संबंधित जानकारी जुटाई गई। सर्वेक्षण में सात पात्र युवा भारतीय नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं होने की जानकारी सामने आई।
इस पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सघन होम-टू-रोल सत्यापन अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
के. रवि कुमार ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके या इससे पहले जन्मे सभी पात्र नागरिकों की पहचान कर उनका मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए घर-घर जाकर सत्यापन करने और छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया।

ब्राउन शुगर की लत से परेशान युवक ने खुद को किया घायल, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
निर्मल सिंह गुमला: ब्राउन शुगर की लत और नशा नहीं मिलने से हुई बेचैनी के बीच 27 वर्षीय युवक ने मंगलवार को…

लुगुबुरू घंटाबाड़ी धर्मगढ़ पहुंचे बाबूलाल मरांडी, पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की
बोकारो: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी बोकारो जिले के ललपनिया स्थित संथाल आदिवासी समाज के प्रमुख धार्मिक…

















