no-eligible-indian-citizen-should-be

मतदाता सूची से कोई पात्र भारतीय नागरिक न छूटे, घर-घर जाकर करें सत्यापन: के. रवि कुमार

Share
Link copied
no-eligible-indian-citizen-should-be
no-eligible-indian-citizen-should-be

रांची: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राज्य का कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित नहीं रहे। इसके लिए डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन के दौरान पात्र नागरिकों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने और जिनके पास दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, उनके लिए नियमानुसार दस्तावेज निर्गत कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

गुरुवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में के. रवि कुमार ने बताया कि फील्ड वेरिफिकेशन के दौरान ऐसे कई पात्र भारतीय नागरिक सामने आए हैं, जिन्होंने अब तक मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित नहीं कराया है। वहीं, ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल कुछ मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उन्होंने अब तक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए हैं। ऐसे मतदाताओं की सूची एक और अवसर कैंप में भी प्रदर्शित की गई थी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन मतदाताओं के घर जाकर संपर्क करें और आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करें।.उन्होंने यह भी कहा कि जिन पात्र नागरिकों के पास जरूरी दस्तावेज नहीं हैं, उनके मामले में संबंधित सक्षम पदाधिकारी के स्तर से नियमानुसार दस्तावेज जारी कराने की पहल की जाए।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने किसी कारणवश ASDD सूची में शामिल हो गए मतदाताओं को एक बार फिर इन्यूमरेशन फॉर्म भरने का अवसर देने का निर्णय लिया है। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को ऐसे मतदाताओं से दोबारा संपर्क कर फॉर्म भरवाने का प्रयास करने का निर्देश दिया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। के. रवि कुमार ने बताया कि पात्र भारतीय नागरिकों को पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की समय-सीमा बढ़ाई गई है। अब अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 दिसंबर को किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से इस अतिरिक्त समय का उपयोग करते हुए प्रत्येक घर और पात्र नागरिक तक पहुंचने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किसी भी मतदाता का नाम बिना डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की ओर से कारण सहित आदेश पारित किए अंतिम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाए। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार समेत सभी जिलों के संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।