कार्तिक पूर्णिमा पर केतुंगा धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, त्रिवेणी संगम में किया दीपदान

सिमडेगा: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बानो के केतुंगा धाम स्थित देव नदी माल्गो के त्रिवेणी संगम में सोमवार सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अहले सुबह पांच बजे से ही आसपास के विभिन्न गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु संगम पहुंचे और पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाई।
स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए दीपदान किया। नदी में प्रवाहित जलते दीपों से संगम का दृश्य आकर्षक हो उठा। इसके बाद पुजारी प्रदीप गोस्वामी के नेतृत्व में देव आरती और सामूहिक महाआरती की गई। आरती के दौरान पूरा केतुंगा धाम हर-हर महादेव और जय मां गंगे के जयघोष से गूंज उठा।
महाआरती के बाद श्रद्धालुओं ने भक्तिमय माहौल में भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक किया। इसके बाद पुनः सामूहिक आरती हुई और अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बरसलोया, कुरुचडेगा, सोय-सिमरटोली, कौनसोडे, छोटकेतुंगा, बड़केतुंगा, सीजंग, वीरता, जलडेगा और बेंजपुर सहित आसपास के गांवों के श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में केतुंगा धाम न्यास समिति, मानव धर्म रक्षक संघ और मातृशक्ति की अहम भूमिका रही। आयोजन में पुजारी प्रदीप गोस्वामी, राधेश्याम सोनी, ओम प्रकाश साहू, उमेश कुमार साहू, विवेक साहू, दिलीप पांडा, प्रमोद सोनी, दीपक साहू, अविनाश पांडा, सूरज पंडा, सोनू साहू, पूरन साहू, रोहित सिंह, रोहित साहू सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया। सफल आयोजन पर न्यास समिति के अध्यक्ष सुकरा केरकेटा, महासचिव ओम प्रकाश साहू और कोषाध्यक्ष अजीत साहू ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया।


















