jmm-attacks-central-government-sir-mmdr

SIR और MMDR संशोधन कानून पर JMM का केंद्र सरकार पर हमला, विनोद पांडेय बोले- झारखंड के हितों से समझौता बर्दाश्त नहीं

Share
Link copied
jmm-attacks-central-government-sir-mmdr
jmm-attacks-central-government-sir-mmdr

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम (MMDR) को लेकर केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि SIR की मौजूदा प्रक्रिया से गरीबों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, प्रवासी मजदूरों, महिलाओं और बुजुर्गों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, MMDR संशोधन कानून झारखंड के खनिज संसाधनों पर राज्य के अधिकार और आर्थिक हितों को कमजोर करने वाला कदम है।

विनोद पांडेय ने कहा कि SIR के तहत आम नागरिकों से ऐसे दस्तावेज मांगे जा रहे हैं, जिन्हें ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के लोगों के लिए जुटाना आसान नहीं है। नाम की वर्तनी, जन्मतिथि और माता-पिता के दस्तावेजों में अंतर के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। प्रवासी मजदूरों और दूसरे राज्यों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी करना भी चुनौती बन गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या दस्तावेजों की कमी के कारण किसी गरीब, आदिवासी या मजदूर को उसके मताधिकार से वंचित किया जा सकता है?

उन्होंने दावा किया कि झारखंड के करीब 2.64 करोड़ मतदाताओं में से प्रारूप मतदाता सूची में केवल 2.21 करोड़ नाम शामिल किए गए हैं। बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। पांडेय के मुताबिक, प्रारूप सूची में शामिल मतदाताओं में करीब 27 प्रतिशत को संदेहास्पद मानकर नोटिस दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता की पहचान उसकी संवैधानिक पात्रता के आधार पर होनी चाहिए, न कि दस्तावेज जुटाने की उसकी आर्थिक क्षमता से।

MMDR संशोधन अधिनियम पर केंद्र सरकार को घेरते हुए विनोद पांडेय ने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधनों से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, लेकिन खनन से होने वाले प्रदूषण, विस्थापन और पर्यावरणीय नुकसान का बोझ राज्य के लोगों को उठाना पड़ता है। ऐसे में खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और स्थानीय लोगों के कल्याण के लिए मिलने वाले वित्तीय संसाधनों को प्रभावित करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि खनिज सेस झारखंड की आय का तेजी से बढ़ता स्रोत है। इससे वित्तीय वर्ष 2024-25 में करीब 1,379 करोड़ रुपये और 2025-26 में 7,489 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। चालू वित्त वर्ष में 19 नवंबर तक 7,628 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली हो चुकी है। उन्होंने आशंका जताई कि MMDR संशोधन अधिनियम से राज्य को सालाना करीब 13 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है। इसका असर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, युवाओं और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास पर पड़ेगा।

अंत में विनोद पांडेय ने कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज पर यहां के लोगों का अधिकार सर्वोपरि है। राज्य के आर्थिक हितों और आम जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।