केंद्रीय बजट 2026-27 झारखंड के लिए विकास की नई गति: राजीव प्रताप रूडी
रांची : भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद राजीव प्रताप रूडी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के लक्ष्य को सशक्त आधार प्रदान करने वाला बताया। रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि यह बजट झारखंड को विकास की नई रफ्तार देगा और राज्य को मुख्यधारा में तेजी से आगे ले जाएगा।
सांसद रूडी ने बजट के प्रमुख लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में झारखंड को कर हस्तांतरण के रूप में ₹51,236 करोड़ प्राप्त होंगे। 2014 से अब तक राज्य को ₹3.14 लाख करोड़ से अधिक का कर हस्तांतरण मिल चुका है, जबकि अनुदानों में 2014-26 के दौरान ₹1.04 लाख करोड़ प्रदान किए गए हैं। इसके अलावा, विशेष पूंजीगत सहायता योजना के तहत 2020-21 से जनवरी 2026 तक ₹11,567 करोड़ की ब्याज-मुक्त ऋण सहायता मिली है, जिससे सड़क, सिंचाई, शहरी अवसंरचना और औद्योगिक परियोजनाओं को मजबूती मिली है।
रेलवे क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड अब 100 प्रतिशत रेलवे विद्युतीकरण वाला राज्य बन चुका है। रेलवे बजट आवंटन 2009-14 के औसत ₹457 करोड़ से बढ़कर 2024-25 में ₹7,302 करोड़ हो गया है (और 2026-27 में ₹7,536 करोड़ तक पहुंचा है)। राज्य में 57 रेलवे स्टेशनों को अमृत स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है और 7 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित हो रही हैं, जिनमें रांची-पटना, रांची-वाराणसी जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं शामिल हैं।
सड़क एवं हवाई संपर्क पर जोर देते हुए रूडी ने बताया कि देवघर और जमशेदपुर में नए हवाई अड्डे शुरू हो चुके हैं, वाराणसी-रांची-कोलकाता ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, 3,600 किमी से अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण और ₹30,000 करोड़ से अधिक की सड़क परियोजनाएं राज्य की आर्थिक तस्वीर बदल रही हैं।
जनजातीय कल्याण पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, पीएम-जनमन योजना और बहु-क्षेत्रीय परियोजनाओं से आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा और आजीविका के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। देवघर एम्स, नए मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय विद्यालयों को भी गति मिली है।
सांसद रूडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस बजट को निर्णय, सुधार और जन-कल्याण की स्पष्ट सोच वाला बताया। उन्होंने कहा, “यह बजट झारखंड को केवल संसाधन नहीं, बल्कि अवसर, सम्मान और दीर्घकालिक विकास की दिशा देता है, तथा राज्य को विकसित भारत की यात्रा का सशक्त भागीदार बनाता है।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, आर्थिक प्रकोष्ठ संयोजक जेपी शर्मा और सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


















