गढ़वा विधायक के दो साल पूरे होने पर सियासी घमासान, मिथिलेश ठाकुर ने पूछा- जनता को विकास का रोडमैप कब बताएंगे सत्येंद्रनाथ?
पूर्व मंत्री ने कहा- व्यक्तिगत बयानबाजी छोड़कर क्षेत्र के विकास पर दें ध्यान, अभी तीन साल का कार्यकाल बाकी; विधायक के कामकाज पर जनता के बीच जाकर देना होगा हिसाब
गढ़वा: गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के साथ ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कल्याणपुर स्थित अपने आवास पर प्रेसवार्ता कर वर्तमान विधायक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधायक को व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी छोड़कर जनता के विकास का रोडमैप पेश करना चाहिए। जनता ने उन्हें साढ़े चार लाख लोगों का प्रतिनिधि चुना है। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी किसी एक राजनीतिक दल के प्रति नहीं, बल्कि पूरे विधानसभा क्षेत्र के प्रति है। मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की अपनी जिम्मेदारियां होती हैं। विपक्ष में रहते हुए भी जनता की समस्याओं को विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठाया जा सकता है। विधायक को यह बताना चाहिए कि पिछले दस वर्षों में उन्होंने गढ़वा के लिए क्या काम किया और वर्तमान कार्यकाल के दो वर्षों में कितनी योजनाएं स्वीकृत कराईं, कितने प्रस्ताव सरकार को भेजे तथा विकास के लिए क्या ठोस पहल की है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की आलोचना करने के लिए विधायक के पास पूरा समय है। अगले चुनाव में जनता के बीच जाकर इसकी समीक्षा की जा सकती है, लेकिन फिलहाल उन्हें अपने वर्तमान दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
महिला कॉलेज और आवासीय विद्यालयों के संचालन का मुद्दा उठाया
पूर्व मंत्री ने महिला कॉलेज, पिछड़ा वर्ग आवासीय विद्यालय और अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन संस्थानों के भवन बनकर तैयार हैं, लेकिन उनका संचालन शुरू नहीं होना चिंता का विषय है। विधायक को इन मामलों को विधानसभा में उठाकर सरकार से जवाब मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि विधायक गढ़वा के विकास के लिए कोई ठोस पहल करते हैं तो वे उसका समर्थन करने के लिए भी तैयार हैं।
विधायक निधि को लेकर भी लगाए आरोप
विधायक निधि (MLA Fund) के मुद्दे पर मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने विधायक निधि की राशि चार करोड़ रुपये से बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये की है, ताकि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल सके। लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि इस राशि का इस्तेमाल अपने लोगों के माध्यम से गलत तरीके से कराने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वे और उनके साथी इस पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रहे हैं। ठाकुर ने आरोप लगाया कि जब भी विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए जाते हैं तो झामुमो नेताओं धीरज दुबे, शरीफ अंसारी, संजय छोटू और चंदन पासवान को निशाना बनाया जाता है। उन्होंने विधायक पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए अलकतरा घोटाले से जुड़े मामले का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, इस मामले में विधायक जेल जा चुके हैं और प्रकरण सीबीआई न्यायालय में विचाराधीन है।
5200 करोड़ रुपये के आरोप पर किया पलटवार
मिथिलेश ठाकुर ने विधायक की ओर से उन पर 5200 करोड़ रुपये के कथित गबन और विदेश जाने को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव से ठीक एक दिन पहले केंद्रीय एजेंसियों ने उनके आवास पर छापेमारी की थी। उनके मुताबिक, छापेमारी में पुराने चुनावी पंपलेट के बंडल के अलावा कुछ नहीं मिला।
उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्रीय एजेंसियों को छापेमारी में क्या मिला, इसकी जानकारी आज तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई। ठाकुर ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी के परिवार और बच्चों को लेकर व्यक्तिगत टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वे सत्येंद्रनाथ तिवारी को हमेशा विधायक जी या माननीय विधायक कहकर संबोधित करते हैं, लेकिन दूसरी ओर उनके लिए ‘ठकुरवा’ और ‘मिथिलेशवा’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। उनके परिवार और पिता को लेकर भी अभद्र टिप्पणियां की जाती हैं। उन्होंने इसे राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया।
मुखियाओं के मुद्दे पर भी विधायक से मांगा जवाब
मुखियाओं को लेकर विधायक के कथित बयानों पर सवाल उठाते हुए मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि यदि विधायक सभी मुखियाओं को चोर बताते हैं तो उन्हें यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि फरठिया और दुलदुलवा के मुखियाओं का वे किस आधार पर महिमामंडन करते रहे हैं। उन्होंने दोनों मुखियाओं के प्रति विधायक के कथित विशेष लगाव को लेकर भी सवाल उठाए।
नगर परिषद, सड़क और खनन के मुद्दे पर घेरा
प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री ने नगर परिषद भवन निर्माण, सड़क निर्माण और खनन से जुड़े मामलों पर भी विधायक की भूमिका पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यदि नगर परिषद कार्यालय के निर्माण में गड़बड़ी हुई थी तो विधायक को मौके पर जाकर आवाज उठानी चाहिए थी। इसी तरह खनन क्षेत्रों में पत्थर और जमीन की कथित लूट के मामलों में भी उन्हें जनता के साथ खड़ा होना चाहिए। ठाकुर ने आरोप लगाया कि केवल दूसरों को आगे कर देना और अपना स्वार्थ पूरा होने के बाद मुद्दों को भूल जाना जनसेवा नहीं है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधायक विधानसभा में इंजीनियरों और अधिकारियों पर आरोप लगाने तक सीमित रहते हैं, जबकि उन्हें जनता की समस्याओं को सदन में प्रभावी ढंग से उठाना चाहिए।
‘अभी तीन साल काम करें, फिर जनता के बीच जाएं’
मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि विधायक के कार्यकाल में अभी लगभग तीन वर्ष शेष हैं। उन्हें इस अवधि में जनता के लिए काम करना चाहिए और अगले चुनाव में अपने कामकाज का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने अपने चुनावी अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि वे अपने विकास कार्यों के भरोसे जनता के बीच गए थे। जनता ने उन्हें नकार दिया तो उन्होंने जनादेश को सहर्ष स्वीकार किया। लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है।
‘गढ़वा के विकास पर विराम नहीं लगना चाहिए’
पूर्व मंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल में गढ़वा को विकास के जिस रास्ते पर ले जाने का प्रयास किया गया था, उस पर विराम नहीं लगना चाहिए। उन्हें गढ़वा के भविष्य और विकास की चिंता है। उन्होंने विधायक से अपने आचरण में सुधार करने, जनता के प्रति जिम्मेदार बनने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की अपील की। मीडिया से भी उन्होंने आग्रह किया कि जब कभी विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी से मुलाकात हो तो उनसे गढ़वा के विकास का एजेंडा जरूर पूछा जाए। उनसे यह सवाल किया जाए कि क्षेत्र का विकास कैसे होगा और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उनकी क्या योजना है।

पेंशन के इंतजार में बुजुर्ग महिला की मौत, आठ महीने से नहीं मिली थी राशि; गढ़वा डीसी ने दिए जांच के आदेश
पति की मौत के बाद वृद्धा पेंशन ही थी जीवन का एकमात्र सहारा, आर्थिक तंगी और बीमारी के बीच तोड़ा दम; डीसी…

माओवादियों के गढ़ में गूंजी विकास की आवाज, जहां लगती थी जन अदालत, वहां अब बनेगी सड़क
गढ़वा के बूढ़ा पहाड़ से सटे दुर्गम इलाकों में 7.11 करोड़ की लागत से दो सड़कों का निर्माण, सांसद वीडी राम ने…


















