बाबूलाल मरांडी का हेमंत सोरेन पर हमला, बोले- दूसरों को संवैधानिक मर्यादा सिखाने से पहले अपनी सरकार का रिकॉर्ड देखिए
महिला आयोग से लेकर लोक सेवा आयोग तक नियुक्तियों में देरी पर उठाए सवाल, पांच संस्थाओं में 23 पद रिक्त होने का दावा; डीजीपी नियुक्ति और हाईकोर्ट में हर्जाने का भी किया जिक्र
रांची। झारखंड में संवैधानिक एवं वैधानिक संस्थाओं में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में राज्य की पांच प्रमुख संस्थाओं में अध्यक्षों एवं सदस्यों के कुल 23 पद रिक्त होने का दावा करते हुए सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की सेवानिवृत्ति से पहले उत्तराधिकारी की नियुक्ति सुनिश्चित करने के संबंध में भारत के मुख्य न्यायाधीश और सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम को पत्र लिखा था। इसी संदर्भ में बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि न्यायिक व्यवस्था में संस्थागत निरंतरता और समय पर नियुक्तियों की चिंता करने वाली सरकार को अपने राज्य की संस्थाओं की बदहाली पर भी ध्यान देना चाहिए।
पांच प्रमुख संस्थाओं में 23 पद रिक्त होने का दावा
बाबूलाल मरांडी ने अपने पत्र में झारखंड की पांच प्रमुख संस्थाओं में रिक्त पदों का ब्योरा दिया है। उनके अनुसार, झारखंड राज्य महिला आयोग में अध्यक्ष सहित छह पद जून 2020 से रिक्त हैं। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में अध्यक्ष सहित सात पदों पर नियुक्तियां लंबित हैं। इसी तरह झारखंड राज्य मानवाधिकार आयोग में अध्यक्ष और दो सदस्यों के तीन पद, राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त सहित तीन पद और झारखंड लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष एवं तीन सदस्यों के चार पद रिक्त बताए गए हैं।
मरांडी का कहना है कि इन नियुक्तियों में देरी के कारण संबंधित संस्थाओं का कामकाज प्रभावित हो रहा है। महिला आयोग में हजारों शिकायतें लंबित हैं, सूचना आयोग में हजारों अपीलों की सुनवाई प्रभावित है और लोक सेवा आयोग की निष्क्रियता से राज्य के लाखों युवाओं के भविष्य पर असर पड़ रहा है।
मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति पर सरकार को घेरा
पत्र में बाबूलाल मरांडी ने मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने लिखा है कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित चयन समिति की बैठक में वह स्वयं शामिल हुए थे। उस दौरान उन्होंने मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति का विषय उठाया था। मरांडी के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया था। इसी भरोसे पर उन्होंने चयन समिति की अनुशंसा पर हस्ताक्षर किए थे। हालांकि, कई महीने बीत जाने के बाद भी मुख्य सूचना आयुक्त का पद रिक्त है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि उन्हें पहले से पता होता कि आश्वासन के बावजूद नियुक्ति नहीं होगी, तो संभवतः वह अनुशंसा पर हस्ताक्षर नहीं करते।
डीजीपी नियुक्ति को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला
बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में पुलिस महानिदेशक (DGP) की नियुक्तियों को लेकर भी सरकार को घेरा है। उन्होंने नीरज सिन्हा और अनुराग गुप्ता के कार्यकाल से जुड़े विवादों का उल्लेख करते हुए वर्तमान डीजीपी तदाशा मिश्रा की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। पत्र में कहा गया है कि राज्य सरकार ने वर्ष 2025 में डीजीपी नियुक्ति के लिए नियमावली बनाई थी, जिसके प्रावधानों पर सुप्रीम कोर्ट ने प्रथम दृष्टया आपत्ति जताई है। मरांडी ने प्रकाश सिंह बनाम भारत संघ मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए पूछा है कि सरकार बार-बार डीजीपी नियुक्ति को विवादों में क्यों डाल रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया है कि क्या सरकार इस मामले में सुप्रीम कोर्ट से दोबारा समय मांगने की तैयारी कर रही है। हालांकि, इस संबंध में उन्होंने पत्र में मिली सूचना का उल्लेख करते हुए इसकी पुष्टि की मांग की है।
लोकायुक्त की नियुक्ति में पांच साल की देरी का आरोप
मरांडी ने लोकायुक्त के पद को भी सरकार की प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण बताया है। उनके अनुसार, राज्य में लगभग पांच वर्षों तक यह महत्वपूर्ण पद रिक्त रहा और इसी वर्ष अप्रैल में नियुक्ति हो सकी। उन्होंने कहा कि राज्य की संवैधानिक एवं वैधानिक संस्थाओं में नियुक्तियां समय पर नहीं होने से उनके मूल उद्देश्यों पर असर पड़ रहा है। यह केवल प्रशासनिक देरी नहीं, बल्कि आम नागरिकों के अधिकारों और न्याय से जुड़ा विषय है।
ईडी मामले में हाईकोर्ट के हर्जाने का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बाबूलाल मरांडी ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों के खिलाफ दर्ज मामले का भी उल्लेख किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में अदालत के समक्ष समय पर जवाब दाखिल नहीं किया गया और सरकार की ओर से बार-बार अतिरिक्त समय मांगा गया।
मरांडी के पत्र के अनुसार, एक अक्टूबर 2026 को झारखंड हाईकोर्ट ने मुख्यमंत्री पर 10 हजार रुपये का हर्जाना लगाया था। इसके बाद दो नवंबर 2026 को दोबारा समय मांगे जाने पर राज्य सरकार पर आठ हजार रुपये का हर्जाना लगाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि एक ओर मुख्यमंत्री न्यायपालिका में समयबद्ध कार्यप्रणाली और संस्थागत अनुशासन की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी सरकार के मामलों में अदालत को बार-बार जवाब का इंतजार करना पड़ रहा है।
महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों के अधिकारों का उठाया सवाल
बाबूलाल मरांडी ने पत्र के अंतिम हिस्से में मुख्यमंत्री से सीधे सवाल करते हुए पूछा है कि जिन महिलाओं को महिला आयोग में न्याय नहीं मिल सका, जिन युवाओं की नियुक्तियां अटकी रहीं और जिन नागरिकों की सूचना के अधिकार से जुड़ी अपीलों का निपटारा प्रभावित हुआ, उनके प्रति सरकार की क्या जवाबदेही है? उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा है कि क्या वह इन संस्थाओं में नियुक्तियों में हुई देरी और प्रशासनिक निष्क्रियता के लिए झारखंड की जनता से माफी मांगेंगे?
मरांडी ने कहा है कि संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, गरिमा और सुचारु संचालन की चिंता केवल पत्रों और वक्तव्यों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसका असर सरकार के फैसलों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री जिस तत्परता से सुप्रीम कोर्ट को पत्र लिखकर न्यायिक व्यवस्था में संभावित प्रशासनिक शून्यता की चिंता कर रहे हैं, उसी गंभीरता से राज्य की निष्क्रिय पड़ी संस्थाओं में रिक्त पदों पर नियुक्तियां भी सुनिश्चित करेंगे।

पेंशन के इंतजार में बुजुर्ग महिला की मौत, आठ महीने से नहीं मिली थी राशि; गढ़वा डीसी ने दिए जांच के आदेश
पति की मौत के बाद वृद्धा पेंशन ही थी जीवन का एकमात्र सहारा, आर्थिक तंगी और बीमारी के बीच तोड़ा दम; डीसी…

माओवादियों के गढ़ में गूंजी विकास की आवाज, जहां लगती थी जन अदालत, वहां अब बनेगी सड़क
गढ़वा के बूढ़ा पहाड़ से सटे दुर्गम इलाकों में 7.11 करोड़ की लागत से दो सड़कों का निर्माण, सांसद वीडी राम ने…

विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर, 2050 के झारखंड की तस्वीर बदलने की तैयारी कर रही सरकार: हेमंत सोरेन
26वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने गिनाईं राज्य की उपलब्धियां, व्यवस्था में बड़े बदलाव की जरूरत बताई; उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति की…



















