धान भुगतान में देरी और बेमौसम बारिश से किसान परेशान, सरकार तत्काल दे मुआवजा : आदित्य साहू

रांची: भाजपा किसान मोर्चा, झारखंड प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक सोमवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के पंडित दीनदयाल सभागार में आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और राज्य के किसानों की समस्याओं को लेकर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय तथा प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा और अमर कुमार बाउरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। वरिष्ठ नेताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में किसान मोर्चा प्रदेश के किसानों की आवाज को मजबूती से उठाएगा।
इस दौरान आदित्य साहू ने राज्य में किसानों की समस्याओं को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपजाई धान की फसल का भुगतान पाने के लिए भी लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। सरकार को धान सौंपने के बाद भी किसान भुगतान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि हालिया तूफान और बेमौसम बारिश ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। सरकार को प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का जमीनी स्तर पर आकलन कराकर किसानों को तत्काल उचित मुआवजा देना चाहिए।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि किसान देश और राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके परिश्रम से ही समाज और अर्थव्यवस्था का संचालन होता है। ऐसे में किसानों की समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसान मोर्चा की जिम्मेदारी है कि वह गांवों में जाकर किसानों की समस्याओं को समझे, उनकी आवाज बने और उनके हक-अधिकार के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करे।
बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की कार्यप्रणाली, संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भी प्रदेश के गांव-गांव तक किसान मोर्चा को मजबूत करने, किसानों से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को उचित मंच पर उठाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री विक्रांत उपाध्याय एवं डॉ. विनोद ठाकुर ने किया। बैठक में अजय मुंडा, राजेश कुशवाहा, इंद्रजीत कुमार, सुबोध राय, प्रभात रंजन, विष्णु मंडल, सज्जन पंकज, मनोज तिवारी, उषा देवी, राणा ऋषिकेश सिंह, शुभम सिंह, निशांत कुमार, सन्नी कुशवाहा, राणा सिंह, जितेंद्र जैन, वृन्द कुमार, नीरज कुमार सहित किसान मोर्चा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

वाराणसी केंद्रीय कारागार में सर्वेश्वरी समूह ने लगाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 602 बंदियों का हुआ इलाज
वाराणसी: श्री सर्वेश्वरी समूह एवं अघोर परिषद ट्रस्ट की ओर से रविवार, 22 नवंबर को वाराणसी के केंद्रीय कारागार में बंदियों के…

झारखंड में दो बड़ी घटनाएं: दुमका में तारापीठ जा रहे श्रद्धालुओं की कार पेड़ से टकराई, पांच घायल; देवघर में सात साइबर अपराधी गिरफ्तार
दुमका में सड़क हादसे में दो की हालत गंभीर, वहीं देवघर में फ्लिपकार्ट-अमेजन और फोनपे का कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को…

















