जामताड़ा से जुड़े साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़, 22 गिरफ्तार; 20 करोड़ से अधिक की ठगी का खुलासा

नई दिल्ली: झारखंड के जामताड़ा से जुड़े अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पांच दिनों तक चले विशेष अभियान में पुलिस ने 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े साइबर ठगी नेटवर्क ने देशभर में 22,139 लोगों को निशाना बनाकर 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। गिरफ्तार आरोपियों के तार साइबर अपराध के 11 अलग-अलग गिरोहों से जुड़े मिले हैं।
पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी के अनुसार, 11 से 15 नवंबर तक चलाए गए इस अभियान में सात विशेष टीमों के 64 पुलिसकर्मी शामिल थे। टीमों ने झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के 17 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। झारखंड के जामताड़ा, देवघर और गिरिडीह सहित कई इलाकों में कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क में साइबर ठगी करने वालों के साथ फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन (एपीके) फाइल और पैनल तैयार करने वाले लोग भी शामिल थे।
बैंक अधिकारी बनकर बुजुर्गों को बनाते थे निशाना
जांच में पता चला कि आरोपी सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप जैसे मैसेजिंग ऐप के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को निशाना बनाया जाता था। आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लाइफ सर्टिफिकेट सत्यापन, केवाईसी अपडेट, क्रेडिट कार्ड जारी करने और अन्य बैंकिंग सेवाओं का झांसा देते थे। इसके बाद पीड़ितों को व्हाट्सऐप के माध्यम से फर्जी एपीके फाइल भेजकर डाउनलोड करने के लिए कहा जाता था।
मोबाइल में फर्जी एप्लीकेशन इंस्टॉल होते ही ठगों को पीड़ित के मोबाइल में मौजूद बैंकिंग जानकारी, एसएमएस, ओटीपी, कॉल रिकॉर्ड और गैलरी तक पहुंच मिल जाती थी। इसके जरिए वे बैंक खातों पर नियंत्रण हासिल कर लेते थे और बिना जानकारी के खातों से रकम निकालने के साथ क्रेडिट कार्ड की लिमिट का भी दुरुपयोग करते थे।
63 मोबाइल फोन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 63 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, दो मैकबुक और एक टैबलेट बरामद किया है। जांच के दौरान 1,300 से अधिक एपीके फाइल से संबंधित शिकायतों की पड़ताल की गई। 32 संदिग्ध एपीके फाइलों की फॉरेंसिक जांच कराई गई, जबकि ठगी के नेटवर्क से जुड़े 56 टेलीग्राम प्रोफाइल की भी जांच की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का संबंध नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज 2,080 शिकायतों से सीधे जुड़ा मिला है। इस कार्रवाई के बाद दिल्ली में एपीके फाइल के जरिए होने वाली साइबर ठगी की शिकायतों में भी कमी दर्ज की गई है। 2 से 10 नवंबर के बीच ऐसी 1,406 शिकायतें मिली थीं, जबकि 11 से 17 नवंबर के बीच इनकी संख्या घटकर 724 रह गई।
दिल्ली पुलिस ने मामले में दो ई-एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, फर्जी एप्लीकेशन तैयार करने वाले नेटवर्क और ठगी की रकम के लेन-देन का पता लगाने में जुटी है।

गोड्डा में कुएं से मिला अज्ञात नवजात का शव, इलाके में मची सनसनी
गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र के चंडीचक स्थित नेशनल हाईवे सर्विस विलेज के समीप रविवार को एक कुएं से अज्ञात नवजात…

नीतीश सेतु पर पोस्टर फाड़ने के मामले में तीन गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए जेल
वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में नवनिर्मित नीतीश सेतु पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री और एनडीए के अन्य नेताओं के पोस्टर फाड़ने…

















