damaged-police-vehicle-found-scene-violence

शिकारीपाड़ा हिंसा के बाद घटनास्थल पर मिला क्षतिग्रस्त पुलिस वाहन, कोल कंपनी का अधिकारी भी घायल

Share
Link copied

ग्रामसभा के दौरान भड़की थी हिंसा, एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों घायल ; सड़क पर गिरा मिला पेड़, आवागमन बाधित करने की आशंका की जांच में जुटा प्रशासन

दुमका। झारखंड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र स्थित कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोल ब्लॉक इलाके में ग्रामसभा के दौरान हुई हिंसक झड़प के बाद घटनास्थल से कई अहम सुराग मिले हैं। हिंसा के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम को एक क्षतिग्रस्त बोलेरो वाहन मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह पुलिस का वाहन बताया जा रहा है। घटनास्थल की जांच के दौरान सड़क के बीचोंबीच एक पेड़ गिरा हुआ भी मिला। इससे आशंका जताई जा रही है कि हिंसा के दौरान आवागमन बाधित करने के उद्देश्य से रास्ते में पेड़ गिराया गया हो सकता है।

कोल कंपनी का अधिकारी घायल, बेहतर इलाज के लिए रेफर

इस हिंसक घटना में कोल कंपनी एचपीजीसीएल (HPGCL) का एक अधिकारी भी घायल हुआ है। प्रशासनिक टीम ने उसे घायल अवस्था में घटनास्थल से निकालकर शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल

ग्रामसभा के दौरान हुई झड़प में एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों के घायल हुए है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त पुलिस वाहन, सड़क पर गिरा पेड़ और कंपनी के अधिकारी के घायल मिलने से हिंसा की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल हिंसा की वास्तविक वजह, इसमें शामिल लोगों की भूमिका और घटनाक्रम के पूरे क्रम की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद किस परिस्थिति में हिंसक हुआ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटना कैसे हुई।

ABOUT THE AUTHOR
रिक्की राज

रिक्की राज

रिपोर्टर

रिक्की राज को पिछले दस वर्षों का मीडिया के क्षेत्र का अनुभव है । इस दौरान पांच वर्षो से इन्होंने डिजिटल मीडिया के लिए इन्होंने कई बड़ी खबरों का कवरेज किया है ।