केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सऊदी अरब में भारतीय प्रवासियों से की मुलाकात, वंदे मातरम के 150वें वर्ष पर विशेष प्रस्तुति दी गई
रियाद (सऊदी अरब) : केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सऊदी अरब की अपनी यात्रा के दौरान रियाद में रहने वाले भारतवंशियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारतीय समुदाय के साथ संवाद किया और झारखंड के विकास, भारत की प्रगति तथा 2047 तक विकसित भारत के विजन पर अपने विचार साझा किए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!संजय सेठ ने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतवंशियों से मिलना हमेशा सुखद अनुभूति देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा दुनिया भर के भारतीयों को गौरवान्वित करती है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से आह्वान किया कि वे सऊदी अरब की प्रगति के साथ-साथ मातृभूमि भारत के विकास में भी अपना योगदान दें।
रियाद में भारतवंशियों के स्नेह से अभिभूत संजय सेठ ने कहा, “यह स्नेह और सम्मान मैं हर भारतवासी को समर्पित करता हूं।” उन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों के पूर्व सैनिकों से भी मुलाकात की और उनकी राष्ट्र के प्रति अमूल्य सेवा की सराहना की। प्रवासी भारतीयों के वतन से अप्रतिम जुड़ाव को प्रशंसनीय बताते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया के हर देश में रहने वाले भारतवंशी भारत के दूत बनकर देश की वैश्विक उपस्थिति को मजबूत करते हैं।
संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में आत्मनिर्भर भारत के तहत रक्षा क्षेत्र में बढ़ती आत्मनिर्भरता पर भी चर्चा हुई।
भारतीय दूतावास में वंदे मातरम के 150वें वर्ष पर विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसमें ‘वंदे मातरम’ का गायन और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। यह प्रस्तुति भाव विभोर करने वाली रही और दुनिया के हर कोने में रहने वाले भारतीयों की भारत भूमि के प्रति अगाध निष्ठा का प्रतीक बनी। श्री सेठ ने प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को साधुवाद दिया और कहा कि वंदे मातरम भारत सहित दुनिया भर के भारतीयों की ऊर्जा, उत्साह और एकता का बीज मंत्र है, जो कहीं भी रहकर राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता है।
















