लाइसेंसी हथियार जमा न करने पर सवाल! आदित्य साहू ने हेमंत सरकार पर लगाया ‘गोली-बंदूक के साए में चुनाव’ का आरोप
रांची: झारखंड में आगामी 23 फरवरी 2026 को होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अभी तक लाइसेंसी हथियार धारकों से थाने में हथियार जमा कराने का कोई आदेश जारी नहीं किया है, जिससे ऐसा लग रहा है कि सरकार गोली, बंदूक, भय और आतंक के साए में चुनाव कराना चाहती है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आदित्य साहू ने कहा, “राज्य में अपराधियों का मनोबल पहले से ही बढ़ा हुआ है और राज्य सरकार उसका संरक्षक बनी हुई है। इस संरक्षण का लाभ सरकार अपने समर्थित उम्मीदवारों को पहुंचाने में लेना चाहती है।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते हथियार जमा कराने का निर्देश नहीं जारी किया गया, तो चुनावी माहौल में हिंसा और दबाव का खतरा बढ़ जाएगा।
उन्होंने राज्य सरकार से तत्काल मांग की कि अविलंब सभी लाइसेंसी हथियार धारकों को थाने या पुलिस लाइन में हथियार जमा करने का सख्त निर्देश जारी किया जाए। यह आदेश चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त बनाने के लिए आवश्यक है।

















