आजसू पार्टी ने बाबा तिलका मांझी की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की
रांची : आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय, हरमू में अमर शहीद बाबा तिलका मांझी की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि बाबा तिलका मांझी आजादी की लड़ाई के प्रथम शहीद थे, जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती दी और देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्ति का संदेश दिया।
श्रद्धांजलि सभा में सुदेश कुमार महतो समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने तिलका मांझी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। संबोधन में श्री महतो ने कहा, “जब पूरा देश अंग्रेजों की गुलामी में जकड़ा हुआ था, तब जंगलों से उठी एक बुलंद आवाज़ थी – वीर शहीद बाबा तिलका मांझी की। उन्होंने 13 जनवरी 1784 को ताड़ के पेड़ पर छिपकर तीर से अंग्रेज कलेक्टर अगस्टस क्लीवलैंड को मार गिराया, जिससे ब्रिटिश प्रशासन हिल गया। वे स्वतंत्रता संग्राम के प्रथम शहीद माने जाते हैं, जिन्हें 1785 में भागलपुर में फांसी दी गई।”
इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, केंद्रीय सचिव हरीश कुमार, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, युवा आजसू प्रदेश संयोजक अब्दुल जब्बार, जिला सचिव कुदरत शेख सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बाबा तिलका मांझी के बलिदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि तिलका मांझी का संघर्ष आज भी आदिवासी स्वाभिमान और देशभक्ति की प्रेरणा स्रोत है। आजसू पार्टी ऐसे महान क्रांतिकारियों की विरासत को संजोने और जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।


















