हजारीबाग पुलिस को बड़ी कामयाबी: अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 6 शातिर चोर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
हजारीबाग : हजारीबाग पुलिस ने एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान के तहत एक संगठित अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 6 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से एक चोरी की सफेद रंग की स्कॉर्पियो जब्त की है। यह गिरोह मुख्य रूप से स्कॉर्पियो जैसे चारपहिया वाहनों की चोरी कर उन्हें बिहार के शराब माफियाओं को अवैध शराब तस्करी के लिए बेचता था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना की शुरुआत 12 फरवरी 2026 की रात हुई, जब लोहसिंघना थाना प्रभारी को सूचना मिली कि बिहार नंबर प्लेट वाली एक सफेद स्कॉर्पियो पुलिस की गश्ती गाड़ी देखकर इंद्रपुरी चौक के बैरियर को तोड़कर पेलावल की ओर तेज रफ्तार से भाग रही है। इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने पेलावल गदोखर मोड़ पर बैरियर लगाकर वाहन को घेराबंदी में ले लिया। वाहन में सवार 6 लोगों को पकड़ा गया और पेलावल ओपी लाकर कड़ी पूछताछ की गई। अभियुक्तों ने कबूल किया कि वे हजारीबाग, रामगढ़ और आसपास के इलाकों में रेकी कर स्कॉर्पियो वाहनों की चोरी करते थे। चोरी के वाहन बिहार के शराब तस्करों को बेचे जाते थे।
पूछताछ और निशानदेही से गिरोह द्वारा कई पुराने वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास विभिन्न जिलों और राज्यों में वाहन चोरी, एक्साइज एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं से जुड़ा पाया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम अशरफ अली उर्फ यशरब अली उर्फ पप्पू खान उर्फ गुरूजी, विवेक कुमार, विकास कुमार, जितेन्द्र कुमार मेहता उर्फ छोटू, मो. जोनी उर्फ सोहान और शेखराज बताए जा रहे हैं। अभियुक्तों के पास से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो और 5 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
इस मामले में कटकमसांडी (पेलावल ओपी) थाना कांड संख्या 27/26 दिनांक 12.02.2026 दर्ज किया गया है। धारा 111(2)/11(4)/116(6)/317(2)/3/5 बीएनएस 2023 के तहत कार्रवाई की गई है। सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी रखे हुए है।

















