मोदी-मैक्रों की मुंबई में होगी मुलाकात: राफेल डील, AI और रक्षा समझौतों पर हो सकती है बड़ी चर्चा
मुंबई : मुंबई आज भारत-फ्रांस कूटनीतिक संबंधों के एक नए अध्याय का साक्षी बन रहा है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपने उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ तड़के मुंबई पहुंचे, जहां महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनका जोरदार स्वागत किया। यह मैक्रों की भारत की चौथी यात्रा है और मुंबई की पहली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 2:15 बजे मुंबई पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 3:15 बजे लोकभवन में दोनों नेताओं के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक होगी। इस बैठक में भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। दोनों नेता अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
बैठक के दौरान रक्षा क्षेत्र में कई बड़े समझौतों को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है, जिसमें 114 राफेल फाइटर जेट्स की डील, तकनीकी हस्तांतरण और अन्य रक्षा सहयोग शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा AI, व्यापार, स्किलिंग, स्वास्थ्य, स्पेस, न्यूक्लियर एनर्जी और क्लाइमेट चेंज जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर फोकस रहेगा। Horizon 2047 रोडमैप के तहत लगभग दर्जन भर MoU साइन होने की उम्मीद है।
शाम 5:15 बजे दोनों नेता भारत-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन 2026 का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर दोनों देशों के बिजनेस लीडर्स, स्टार्टअप्स, रिसर्चर्स और इनोवेटर्स की मौजूदगी में संबोधन भी होगा। यह पहल दोनों देशों के बीच नवाचार, टेक्नोलॉजी और इकोनॉमिक टाईज को और मजबूत करेगी।
राष्ट्रपति मैक्रों 17-19 फरवरी तक भारत में रहेंगे। मुंबई कार्यक्रमों के बाद वे नई दिल्ली जाएंगे, जहां वे India AI Impact Summit 2026 में हिस्सा लेंगे। यह यात्रा भारत-फ्रांस के बीच बढ़ते सामरिक, आर्थिक और तकनीकी संबंधों को नई दिशा देने वाली साबित हो सकता है।


















