राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जमशेदपुर में ₹100 करोड़ के श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र की आधारशिला रखी
जमशेदपुर : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज झारखंड के जमशेदपुर में मरीन ड्राइव (कदमा) स्थित श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण के लिए ऐतिहासिक भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि-विधान से आयोजित इस भव्य समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित कई गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्वयं शिलापट्ट का अनावरण कर केंद्र की आधारशिला रखी। यह केंद्र ओडिशा के पुरी स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जाएगा, जो आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समन्वय का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। लगभग 100 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 2.5 एकड़ भूमि पर विकसित होने वाले इस परिसर में मुख्य मंदिर 1.5 एकड़ में बनेगा, जबकि शेष क्षेत्र आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए आरक्षित रहेगा।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा, “कुछ संस्थाएं स्वयं के साथ-साथ मानव जीवन को तराशती हैं। श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना एक सराहनीय कदम है।” उन्होंने ट्रस्ट की सोच और उद्देश्य की प्रशंसा की तथा विश्वास जताया कि यह केंद्र आने वाले समय में अभूतपूर्व रूप से विकसित होगा। मुख्यमंत्री ने ‘जय जगन्नाथ’ के उद्घोष के साथ सभी को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सांसद बिद्युत बरन महतो, विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा साहू, टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टी.वी. नरेंद्रन, जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी एस.के. बेहरा, ट्रस्टी मनोरंजन दास एवं श्रीधर प्रधान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हुए।
यह केंद्र श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट द्वारा संचालित होगा, जो युवाओं के व्यक्तित्व विकास, आध्यात्मिक जागरण और सांस्कृतिक संरक्षण पर विशेष जोर देगा। इसकी स्थापना जमशेदपुर को आध्यात्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में नई पहचान प्रदान करेगी।

















