हाजीपुर फौजदारी गांव में रसोई गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग: घर का सारा सामान जलकर राख, 4 लाख से अधिक का नुकसान
साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत हाजीपुर फौजदारी गांव में रसोई बनाते समय गैस सिलेंडर के फटने से लगी भीषण आग ने एक परिवार की सारी कमाई और घरेलू सामान को मिनटों में खाक कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा घर जलकर राख हो गया। नुकसान की अनुमानित राशि 4 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना के प्रत्यक्षदर्शी और गृहस्वामी पिंटू यादव, सुभाष यादव तथा रामनरेश यादव ने बताया कि घर में खाना बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान रसोई गैस सिलेंडर अचानक फट गया। देखते ही देखते आग की लपटें पूरे घर में फैल गईं। कपड़े, बर्तन, आभूषण, पलंग और घर में रखा हर सामान जलकर स्वाहा हो गया। परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकल पाए, लेकिन सामान बचाने का कोई मौका नहीं मिला।
ग्रामीणों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका था। आग बुझाने के दौरान एक युवक को चोटें आईं, जिसका इलाज कराया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पीरपैंती थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गैस लीक या सिलेंडर में खराबी को मुख्य कारण माना जा रहा है।

















