रांची के नामकुम थाना हाजत में सनसनी: 12 साल के बच्चे के अपहरण-हत्या के आरोपी ने लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस
रांची : राजधानी रांची के नामकुम थाना में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पुलिस महकमे को हिला कर रख दिया है। 12 वर्षीय बच्चे के अपहरण और क्रूर हत्या के आरोपी ने थाना के हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक आरोपी की पहचान जगय मुंडा के रूप में हुई है, जो खूंटी जिले के साइको थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्हापूर्ति गांव का निवासी था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, जगय मुंडा का उसी गांव की एक महिला के साथ अवैध संबंध चल रहा था। रविवार को महिला के साथ हुए विवाद के बाद उसने बदला लेने की नीयत से महिला के 12 वर्षीय बेटे रमेश हजाम का अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद आरोपी बच्चे को रामगढ़ जिले के घाटो क्षेत्र ले गया, जहां उसने बच्चे की हत्या कर शव को दफना दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जगय मुंडा को गिरफ्तार किया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपहरण और हत्या की वारदात कबूल ली। उसके निशानदेही पर पुलिस ने बच्चे का शव बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपी को नामकुम थाना लाया गया, जहां बुधवार देर रात हाजत में उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स (राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हाजत में सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक तो नहीं हुई।
















