भारतीय वायुसेना का सुखोई Su-30 MKI फाइटर जेट असम में रडार से गायब, सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू
भारतीय वायुसेना (IAF) के एक सुखोई Su-30 MKI लड़ाकू विमान ने असम के जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरने के बाद रडार संपर्क खो दिया है। विमान से पायलटों का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिसके बाद वायुसेना ने तत्काल सर्च एंड रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है।
वायुसेना के आधिकारिक बयान के अनुसार, विमान शाम करीब 7:42 बजे आखिरी बार संपर्क में था। इसके बाद यह “ओवरड्यू” (लापता) घोषित कर दिया गया। डिफेंस पीआरओ, गुवाहाटी ने पुष्टि की है कि एक एयर फोर्स टीम को घटना की परिस्थितियों का पता लगाने और विमान को ढूंढने के लिए रवाना किया गया है।
यह घटना असम क्षेत्र में हुई है, जहां भारतीय वायुसेना नियमित उड़ानें और प्रशिक्षण अभ्यास करती रहती है। Su-30 MKI भारतीय वायुसेना का मुख्य लड़ाकू विमान है, जो बहु-भूमिका वाला और अत्याधुनिक तकनीक से लैस है।
फिलहाल पायलटों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। अधिक जानकारी का इंतजार है, वायुसेना ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और आवश्यक सहायता के लिए अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय कर रही है।



















