cyber-fraud-gang-busted-jamshedpur-five

जमशेदपुर में साइबर ठगी के बड़े गिरोह का भंडाफोड़, पांच युवक गिरफ्तार; 20 से अधिक मोबाइल और लैपटॉप बरामद

Share
Link copied

बिरसानगर में देर रात रामगढ़ और जमशेदपुर साइबर पुलिस की संयुक्त छापेमारी; 43 लाख रुपये की ठगी के मामले से जुड़े तार, मकान मालिक से भी पूछताछ

जमशेदपुर: झारखंड में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में रामगढ़ और जमशेदपुर साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर साइबर ठगी के संदेह में पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 20 से अधिक मोबाइल फोन, लैपटॉप, कई सिम कार्ड, नकदी और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए हैं।जानकारी के अनुसार, पुलिस ने बिरसानगर जोन नंबर-2 बी स्थित ओम नगर, रोड नंबर-1 के एक मकान में देर रात करीब दो बजे छापेमारी की। बताया जा रहा है कि इसी मकान में रहकर आरोपी कथित रूप से साइबर ठगी के नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। छापेमारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

43 लाख रुपये की ठगी के मामले से जुड़े हैं तार

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रामगढ़ के एक व्यक्ति के बैंक ऑफ महाराष्ट्र स्थित बैंक खाते से करीब 43 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई थी। इस मामले में रामगढ़ साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले में आरोपियों की ओर से हाईकोर्ट में जमानत याचिका भी दाखिल की गई थी, जिसे खारिज कर दिया गया था।इसके बाद जांच के दौरान रामगढ़ साइबर पुलिस को सूचना मिली कि मामले से जुड़े संदिग्ध जमशेदपुर के बिरसानगर इलाके में रह रहे हैं। इसके आधार पर पुलिस टीम ने मोबाइल टावर लोकेशन और अन्य तकनीकी इनपुट के सहारे आरोपियों के ठिकाने का पता लगाया और संयुक्त छापेमारी की।

रिटायर्ड टाटा स्टीलकर्मी के मकान में चल रहा था ठिकाना

जिस मकान में पुलिस ने छापेमारी की, वह टाटा स्टील के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी का बताया जा रहा है। पुलिस ने मकान मालिक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की है। जांच की जा रही है कि मकान मालिक को किरायेदारों की कथित साइबर गतिविधियों की जानकारी थी या नहीं।

बरामद सामान की जांच में जुटी पुलिस

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 20 से अधिक मोबाइल फोन, लैपटॉप, सिम कार्ड और नकदी समेत कई सामान जब्त किए हैं। इन उपकरणों की जांच के जरिए पुलिस ठगी के तरीके, बैंक खातों, संदिग्ध लेन-देन और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल गिरफ्तार पांचों युवकों से पूछताछ जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। संभावना जताई जा रही है कि पुलिस जल्द ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।