सिमडेगा में बिजली पोल पर काम करते युवक को करंट लगा, रिम्स ले जाते रास्ते में मौत
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले के भठिटोली इलाके में बिजली पोल पर तार जोड़ने के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कोरोमिया टोंगरी टोली निवासी आकाश बड़ाईक (पिता- धुमा बड़ाईक) के रूप में हुई है। वह हाल ही में खिजरी नवाटोली में रह रहा था और जियो वाईफाई कनेक्शन की इंस्टॉलेशन का काम करता था।
घटना के अनुसार, आकाश आज भठिटोली क्षेत्र में बिजली पोल पर चढ़कर तार जोड़ने का कार्य कर रहा था। अचानक तेज करंट की चपेट में आने से वह पोल से नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे सदर अस्पताल, सिमडेगा पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स (राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज), रांची रेफर कर दिया। हालांकि, रिम्स ले जाते समय रास्ते में ही आकाश ने दम तोड़ दिया।
इस हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया है। स्थानीय निवासियों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और सुरक्षित कामकाज की मांग की है। ऐसे हादसों से बचाव के लिए बिजली विभाग और संबंधित कंपनियों को सख्त सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की जरूरत है।

















