कुमडीहा में भीषण अग्निकांड: बेटी की शादी से पहले घर जला, लाखों की संपत्ति खाक
गोड्डा : कुमडीहा गांव में बीती रात एक भीषण आग ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मेहरमा प्रखंड के बलबड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत हुए इस हादसे में मोस्मात गीता देवी का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा लाखों रुपये का सामान, अनाज, कपड़े, बर्तन और शादी-विवाह से जुड़ी सभी तैयारियां कुछ ही देर में खाक हो गईं।
परिवार के अनुसार, गीता देवी की बेटी संजू कुमारी की शादी 28 अप्रैल को महागामा के नयानगर निवासी लक्ष्मण यादव के पुत्र पप्पू यादव से तय थी। शादी को लेकर परिवार ने काफी मेहनत से जरूरी सामान जुटाया था, जो इस अग्निकांड में पूरी तरह नष्ट हो गया।
पीड़िता गीता देवी ने बताया कि घटना के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था। अचानक आग की लपटें उठती देख सभी लोग घबराकर बाहर भागे। ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों के मुताबिक आग लगने का सटीक कारण अभी सामने नहीं आया है। हालांकि शॉर्ट सर्किट या किसी चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद अब तक स्थानीय प्रशासन या कोई जनप्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा है। पीड़ित परिवार को न तो कोई सरकारी सहायता मिली है और न ही किसी प्रकार का आश्वासन दिया गया है। अग्निकांड के बाद परिवार पूरी तरह बेघर हो गया है और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। बेटी की शादी नजदीक होने के कारण परिवार गहरे संकट में है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री और उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि शादी की तैयारियां दोबारा शुरू हो सकें और परिवार को सहारा मिल सके।


















