रांची में जनगणना कार्यों की समीक्षा बैठक, धीमी प्रगति पर उपायुक्त सख्त
रांची जिला समाहरणालय स्थित सभागार में बुधवार को उपायुक्त-सह-प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में जनगणना कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों में चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक के दौरान कई प्रखंडों में कार्य की धीमी गति पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी क्रम में अनगड़ा, सोनाहातू और सिल्ली के प्रखंड विकास पदाधिकारियों के विरुद्ध शोकॉज जारी करने तथा उनके वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मकान सूचीकरण और गणना कार्य को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा कराएं। साथ ही पोर्टल पर डेटा एंट्री कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आंकड़ों की शत-प्रतिशत शुद्धता बनी रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि विकास योजनाओं की आधारशिला है। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारियों को पूर्ण जिम्मेदारी, समन्वय और गंभीरता के साथ इस कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करना होगा।
बैठक में प्रभारी उपविकास आयुक्त सह पीडी आईटीडीए संजय भगत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, डीआरडीए निदेशक सुदर्शन मुर्मू, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शेषनाथ बैठा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
















