विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित
रांची : उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), विभिन्न विभागीय कार्यों की प्रगति तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना कार्य भारत सरकार की निर्धारित गाइडलाइंस के अनुरूप समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने मकान सूचीकरण एवं गणना से जुड़े आंकड़ों की पोर्टल पर शुद्ध एवं सही प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि यह कार्य पूरी पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ संपन्न किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
बैठक में आगामी मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार-सह-दक्षिणी प्रमण्डल स्तरीय मुखिया सम्मेलन की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने मंच, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था सहित सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम सफल एवं सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित हो सके।
समाहरणालय परिसर में साफ-सफाई एवं लिफ्ट सुविधा को लेकर भी निर्देश जारी किए गए। उपायुक्त ने नोडल पदाधिकारी को यह सुनिश्चित करने को कहा कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा ट्रेजरी, नजारत, डीआरडीए एवं भू-अर्जन शाखा को सरकारी पदाधिकारियों/कर्मियों एवं संबंधित बैंक खातों का सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। एलडीएम को विभिन्न बैंकों में संचालित खातों में हो रहे सरकारी लेन-देन की सतत निगरानी रखने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में सभी जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















