उपायुक्त की अध्यक्षता में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों की बैठक, कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी

रांची: जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे जनगणना कार्य, मतदाता मैपिंग, RTE नामांकन, राजस्व शिकायतों के निष्पादन सहित विभिन्न विकास एवं प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) कुमार रजत, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जनगणना कार्य की समीक्षा, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के निर्देश
उपायुक्त ने जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी चार्ज पदाधिकारियों से क्षेत्रवार स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। जिन घरों में सर्वेक्षण के दौरान लोग अनुपस्थित या घर बंद पाए गए हैं, वहां निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पुनः संपर्क स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया।
मतदाता मैपिंग हेतु विशेष शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता मैपिंग के लिए 13 एवं 14 जून 2026 को आयोजित होने वाले विशेष शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं तक जानकारी पहुंचे। उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) को निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर कार्य समय पर शुरू हो तथा बीएलओ को सभी प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी हो।
बीएलओ की सक्रिय भूमिका एवं प्रशिक्षण पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि मैपिंग कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी। सभी बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए तथा पर्यवेक्षकों को अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। एईआरओ के रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
RTE के तहत चयनित छात्रों का नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत सीटों पर निःशुल्क नामांकन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रथम चरण में लॉटरी से चयनित सभी छात्रों का नामांकन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
मोहर्रम सहित आगामी पर्वों की तैयारियों की समीक्षा
आगामी पर्व-त्योहारों, विशेषकर मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक समय पर आयोजित करने का निर्देश दिया गया। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ विधि-व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
राजस्व शिकायतों के त्वरित निष्पादन के निर्देश
राजस्व संबंधी शिकायतों पर चिंता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने अगले सप्ताह विशेष समीक्षा बैठक आयोजित करने की घोषणा की। साथ ही एक सक्षम पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया को तेज करने का निर्देश दिया गया।
अन्य प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा
बैठक में हाल ही में पदस्थापित कर्मियों के पहचान पत्र निर्माण, कोषागार अनुपालन, वित्तीय अनुशासन तथा समाहरणालय परिसर में जलजमाव एवं सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर
अंत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्राधिकार के कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।
















