रांची में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, हथियार और कार के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार

रांची: रांची पुलिस ने एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश को विफल करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, दो टांगी, दो बेसबॉल स्टिक, एक कार, पांच मोबाइल फोन और एक टैब बरामद किया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 3 जून को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी एक नीले रंग की मारुति स्विफ्ट कार में हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए जगरनाथपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
नेपाली कॉलोनी के पास हुई कार्रवाई
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने लटमा रोड स्थित नेपाली कॉलोनी रोड नंबर-7, स्वर्णरेखा नदी के पास संदिग्ध नीले रंग की स्विफ्ट कार को रोका। कार में तीन युवक सवार थे। पूछताछ में उनकी पहचान सुमित मिंज उर्फ लवेंडर, राकेश रंजन उर्फ गुड्डु और रोहित महली के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान सुमित मिंज के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल बरामद हुई, जिसकी मैगजीन में छह जिंदा गोलियां थीं। वहीं कार की तलाशी में दो टांगी, एक लोहे और एक लकड़ी की बेसबॉल स्टिक, पांच मोबाइल फोन तथा एक टैब बरामद किया गया।
पुलिस ने जब बरामद सामानों से संबंधित दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सभी सामानों को जब्त कर लिया गया।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में जगरनाथपुर थाना में कांड संख्या 131/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
मुख्य आरोपी पर हत्या समेत कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुमित मिंज उर्फ लवेंडर का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले पूर्व में भी दर्ज हैं। वहीं राकेश रंजन उर्फ गुड्डु के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और इनके अन्य सहयोगी कौन-कौन हैं।
















