लोहरदगा हत्या की साजिश नाकाम: हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार, एक फरार
देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, मोबाइल और अल्टो कार जब्त, हत्या की योजना का खुलासा

आनंद कुमार सोनी / लोहरदगा
लोहरदगा: लोहरदगा पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात होने से पहले ही उसे नाकाम करते हुए हत्या की साजिश रच रहे दो अपराधियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उनका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक मैगजीन, एक मोबाइल फोन और एक अल्टो कार जब्त की है।

मामले का खुलासा करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) श्रद्धा केरकेट्टा ने बताया कि 20 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11:45 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि नीले रंग की अल्टो कार (संख्या JH-07B-7575) में सवार तीन युवक अवैध हथियार के साथ सोबरनटोली से जुरिया की ओर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन कर इलाके में घेराबंदी की गई।
करीब 12 बजे पुलिस ने सोबरनटोली में संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही पीछे की सीट पर बैठा एक आरोपी कार से कूदकर गलियों के रास्ते फरार हो गया, जबकि चालक कार लेकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर रोक लिया और दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान अजय साहू (30 वर्ष), निवासी बीआईडी प्रेमनगर, लोहरदगा के पास से 7.65 एमएम की देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। दूसरे गिरफ्तार आरोपी की पहचान हुसैन अंसारी (36 वर्ष), निवासी लोंगा, थाना भरनो, जिला गुमला के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने फरार साथी संजय लोहरा के साथ मिलकर एक व्यक्ति की हत्या की योजना बनाकर निकले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में लोहरदगा थाना कांड संख्या-102/26 के तहत बीएनएस की धारा 61(2)(a), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए), 26 एवं 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अजय साहू और फरार आरोपी संजय लोहरा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। अजय साहू के खिलाफ अपहरण, लूट और दुष्कर्म सहित कई मामले दर्ज हैं, जबकि संजय लोहरा पर लूट और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
पुलिस ने जब्त किए गए सामान
7.65 एमएम की एक देशी पिस्टल
एक मैगजीन
चार जिंदा कारतूस
एक सैमसंग मोबाइल फोन
अल्टो कार (JH-07B-7575)
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम के पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

















