लोहरदगा :अधूरी नाली बनी आदिवासी परिवार के लिए आफत, बारिश में घर डूबा; बच्चियों ने पड़ोसी के घर बिताई रात

आनंद कुमार सोनी / लोहरदगा
लोहरदगा: सदर प्रखंड के नदिया-हरमू रोड स्थित स्वर्गीय मुनियां उरांव के घर में अधूरी नाली निर्माण एक गरीब आदिवासी परिवार के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। रविवार को हुई बारिश के बाद सड़क किनारे बनी अधूरी नाली का पानी सीधे घर में घुस गया, जिससे परिवार का आशियाना जलमग्न हो गया और रहने-खाने तक का संकट खड़ा हो गया।
परिवार के सदस्य अजय कुजूर ने बताया कि बारिश के बाद देर शाम तक पूरा परिवार बाल्टियों से पानी निकालता रहा। इसके बाद मिट्टी भरकर किसी तरह स्थिति संभालने की कोशिश की गई, लेकिन घर की दीवारों में सीपेज हो गया है और मकान रहने लायक नहीं बचा है।
रांची में लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग निरुद्ध
पीड़िता रिंकी उरांव ने बताया कि वह और उसकी बहनें दूसरों के घरों में मजदूरी कर परिवार का गुजारा करती हैं। रविवार को खेत से लौटने पर देखा कि पूरा कमरा पानी से भरा हुआ था। घर में रखा अनाज, चूल्हा, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान भीगकर खराब हो गए। हालात इतने खराब हो गए कि परिवार की बच्चियों को रात पड़ोसियों के घर में शरण लेकर बितानी पड़ी।
रांची पहली बार करेगी डूरंड कप-2026 की मेजबानी, 26 जुलाई से मुकाबलों का आगाज
रिंकी ने बताया कि करीब पांच-छह महीने पहले नदिया-हरमू सड़क का निर्माण कराया गया था। उसी दौरान नाली निर्माण भी शुरू हुआ, लेकिन उनके घर तक पहुंचते ही काम अधूरा छोड़ दिया गया। इसके आगे नाली नहीं बनने से हल्की बारिश में भी घर के सामने पानी जमा हो जाता है, जबकि तेज बारिश में वही पानी घर के अंदर घुस जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आगे की जमीन के मालिक द्वारा अपनी बाउंड्री वॉल नहीं हटाने देने के कारण नाली का निर्माण आगे नहीं बढ़ सका। वहीं रिंकी उरांव का कहना है कि उनके परिवार ने सड़क और नाली निर्माण के लिए अपनी जमीन दी और अपनी बाउंड्री वॉल भी हटवा दी, ताकि विकास कार्य में कोई बाधा न आए। इसके बावजूद सबसे ज्यादा नुकसान उनके ही परिवार को उठाना पड़ रहा है।
परिवार का कहना है कि अभी बरसात की शुरुआत ही हुई है। यदि जल्द अधूरी नाली का निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो लगातार जलभराव से उनका मिट्टी का मकान कभी भी ढह सकता है और पूरा परिवार बेघर हो सकता है।
पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने लोहरदगा के उपायुक्त एवं संबंधित विभाग से तत्काल अधूरी नाली का निर्माण पूरा कराने, जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने तथा प्रभावित परिवार को आवश्यक राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
















