विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा का राज्यव्यापी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, प्रदेशभर में हुआ वृक्षारोपण

रांची: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे झारखंड में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान में पार्टी के प्रदेश नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अभियान के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रांची पूर्वी जिला के ओरमांझी प्रखंड अंतर्गत कुच्चू मंडल स्थित सरस्वती शिशु मंदिर, कुल्ही में बूथ संख्या-22 पर वृक्षारोपण किया। वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची महानगर के गोंदा मंडल स्थित रॉक गार्डन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके अलावा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने हरमू मंडल के बूथ संख्या-307 पर, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने खूंटी के कर्रा और रांची ग्रामीण पूर्वी के गेतलसूद में, रघुवर दास ने जगन्नाथपुर में, चंपई सोरेन ने सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया में, मधु कोड़ा ने चाईबासा के जगन्नाथपुर में, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने हटिया में, सांसद संजय सेठ ने पंडरा में, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश एवं रविंद्र राय ने हरमू में, अभयकांत प्रसाद ने दुमका के बासुकीनाथ में तथा यदुनाथ पांडेय ने अपर बाजार मंडल में वृक्षारोपण किया। राज्यभर के सभी जिलों और मंडलों में पार्टी पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान में सहभागिता करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सतत जीवनशैली को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाकर धरती को हरा-भरा बनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु और हरित भविष्य आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी धरोहर है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर यह अभियान आज जन-जन का आंदोलन बन चुका है और इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिल रही है।

















