अंडर-18 एशिया कप: भारत ने कोरिया को 3-0 से हराकर जीता कांस्य पदक, झारखंड की संदीपा कुमारी बनीं प्लेयर ऑफ द मैच

रांची: जापान के काकामीगाहारा में 29 मई से 6 जून 2026 तक आयोजित अंडर-18 महिला हॉकी एशिया कप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। तीसरे स्थान के मुकाबले में भारत ने कोरिया को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट का समापन जीत के साथ किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। मुकाबले के दूसरे मिनट में ही झारखंड की प्रतिभाशाली खिलाड़ी संदीपा कुमारी ने फील्ड गोल दागकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इस शुरुआती गोल ने भारतीय टीम का मनोबल बढ़ाया और कांस्य पदक की राह आसान कर दी।
दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में 16वें मिनट पर कप्तान स्वीटी कुजूर ने दूसरा गोल कर बढ़त को 2-0 कर दिया। इसके बाद तीसरे क्वार्टर के 33वें मिनट में टूर्नामेंट की सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी नौशीन नाज ने गोल दागकर भारत की बढ़त 3-0 कर दी, जो अंत तक बरकरार रही।
झारखंड की छह खिलाड़ियों ने बढ़ाया राज्य का गौरव
कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम में झारखंड की छह खिलाड़ियों ने जगह बनाई। इनमें संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी, श्रुति कुमारी, सुगन सांगा, नीलम टोपनो और खिल्ली कुमारी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और टीम की सफलता में अहम योगदान दिया। टूर्नामेंट के दौरान झारखंड की संदीपा कुमारी और श्रुति कुमारी ने दो-दो गोल किए, जबकि पुष्पा मांझी ने एक गोल अपने नाम किया।
संदीपा कुमारी को मिला प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार
कोरिया के खिलाफ कांस्य पदक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाली संदीपा कुमारी को ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मैच के दूसरे मिनट में महत्वपूर्ण गोल करने के साथ-साथ पूरे मुकाबले में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए आयोजन समिति ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
इस उपलब्धि ने एक दिलचस्प संयोग भी दोहरा दिया। ठीक 10 वर्ष पहले वर्ष 2016 में भी भारतीय महिला टीम ने अंडर-18 एशिया कप में कांस्य पदक जीता था। उस टीम में संदीपा की बड़ी बहन संगीता कुमारी भी शामिल थीं और उन्हें भी कांस्य पदक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। वर्तमान में संगीता कुमारी भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम की स्ट्राइकर हैं।
हॉकी इंडिया और झारखंड ने दी बधाई
मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह और कोषाध्यक्ष शेखर जे मनोहरण ने भारतीय टीम को जीत की बधाई दी। वहीं, भारत की इस उपलब्धि पर हॉकी झारखंड और झारखंड सरकार के खेल विभाग ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। हॉकी झारखंड ने घोषणा की है कि राज्य लौटने पर पदक विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया जाएगा।

















