बोकारो से सनसनी: ट्यूशन पढ़ने निकला 8वीं का छात्र लापता, CCTV में ‘जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस’ में चढ़ते दिखा
बोकारो: बोकारो औद्योगिक क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्र के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। हॉली क्रॉस स्कूल में कक्षा 8वीं में पढ़ने वाला प्रतीक कुमार शनिवार सुबह ट्यूशन के लिए घर से निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और RPF ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
लापता छात्र के चाचा सुमन गुप्ता ने जानकारी दी कि प्रतीक की मां दिल्ली में रहती हैं और पिता अमित गुप्ता फिलहाल जेल में हैं। वह बोकारो में अपने नाना-नानी के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था। शनिवार सुबह जब वह सेरसा ग्राउंड के निकट ट्यूशन पढ़ने के लिए निकला, तो पीछे से वापस नहीं आया। बाद में बोकारो रेलवे स्टेशन के VIP गेट के पास से उसकी साइकिल बरामद की गई।
दोस्तों ने किया बड़ा खुलासा
प्रतीक के दोस्तों से पूछताछ में एक अहम जानकारी सामने आई है। दोस्तों ने बताया कि प्रतीक पिछले एक-दो दिनों से लगातार दिल्ली जाने की जिद कर रहा था। इसी बात को आधार मानकर जब पुलिस ने बोकारो रेलवे स्टेशन के CCTV फुटेज खंगाले, तो उसमें प्रतीक ‘जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस’ में सवार होता हुआ दिखाई दिया।
CCTV में ट्रेन में चढ़ते हुए देखे जाने के बाद पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए संबंधित रूट के स्टेशनों पर अलर्ट जारी कर दिया है।
सर्च ऑपरेशन: बालीडीह थाना पुलिस और RPF की टीम संयुक्त रूप से राउरकेला, टाटानगर और चक्रधरपुर स्टेशनों पर बच्चे की तलाश कर रही है।
तकनीकी जांच: पुलिस प्रतीक के मोबाइल फोन का CDR (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) निकालकर उसकी आखिरी लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।इधर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

















