एसआईआर को लेकर कांग्रेस गंभीर, 21 हजार से अधिक बीएलए नियुक्त: के. राजू

रांची : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू ने सोमवार को मोराबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया एंड कम्यूनिकेशन विभाग तथा सोशल मीडिया विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में दोनों विभागों के कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक को संबोधित करते हुए के. राजू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर पूरी तरह गंभीर है और पिछले कई महीनों से राज्यभर में इस अभियान पर सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने 21 हजार से अधिक बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए हैं और पार्टी का हर कार्यकर्ता इस प्रक्रिया को लेकर सजग है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार बिना उचित कारण के छीने जाने नहीं देगी। के. राजू ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अन्य राज्यों में मतदाता सूची से नाम हटवाने का प्रयास किया है और अब झारखंड में भी वैसी कोशिश की जा रही है। हालांकि कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी सतर्कता के साथ इस प्रक्रिया पर नजर रखे हुए हैं।
के. राजू ने कहा कि देश के लोकतंत्र को मजबूत करने में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की थी, जिससे युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अधिकार मिला। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना कांग्रेस की जिम्मेदारी है।
प्रदेश मीडिया संयोजक डॉ. एम. तौसीफ ने बताया कि बैठक में के. राजू ने मीडिया एवं सोशल मीडिया विभाग को एसआईआर से जुड़े तथ्यों और कांग्रेस के पक्ष को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक माह की 3 तारीख को मीडिया एंड कम्यूनिकेशन विभाग की नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, मीडिया संयोजक किशोरनाथ सहदेव, डॉ. एम. तौसीफ, सोशल मीडिया विभाग के चेयरमैन गजेंद्र सिंह समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















