खूंटी में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन तार की चपेट में आया रथ, दो स्कूली छात्रों की मौत, सात घायल

खूंटी: जिले के तोरपा थाना क्षेत्र स्थित कोटेंगसेरा मौसीबाड़ी के पास सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य छात्र घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बच्चे लंच ब्रेक के दौरान एक रथ को घुमा रहे थे और उसका ऊपरी हिस्सा 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मृतकों की पहचान पेट्रोल पंप तोरपा निवासी 16 वर्षीय चंदन कुमार और टुराटोली निवासी 15 वर्षीय तीजेश्वर (तारकेश्वर) महतो के रूप में हुई है। दोनों श्री हरि प्लस टू स्कूल के छात्र थे।
घटना में घायल छात्रों में अरमान आलम, सूजय लोहरा, नीलय एक्का, पंजक राम, रुपेश कुमार, गिरिराज यादव और कमलेश गोप शामिल हैं। सभी की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पहले तोरपा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर में स्कूल का लंच ब्रेक चल रहा था। इसी दौरान कुछ छात्र स्कूल से दूर मौसीबाड़ी के पास खड़े रथ को घुमाने लगे। रथ का ऊपरी हिस्सा अचानक 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार से टकरा गया, जिससे तेज करंट दौड़ गया और नौ छात्र इसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों के विलाप से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्र स्वयं वहां खेलने गए थे या उन्हें रथ धकेलने के लिए किसी ने बुलाया था।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईटेंशन तारों के नीचे खड़े रथों और अन्य संरचनाओं की सुरक्षा जांच कराने की मांग की है।

















