नीमडीह में 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से दंतैल हाथी की मौत, बिजली विभाग पर उठे सवाल
खेत की मेड़ पार करते समय हुआ हादसा, करीब 40 वर्षीय हाथी ने मौके पर तोड़ा दम; ग्रामीणों ने बिजली तारों की ऊंचाई और रखरखाव पर जताई नाराजगी
सरायकेला-खरसावां: जिले के नीमडीह प्रखंड में बिजली के हाईटेंशन तार (High Tension Wire) की चपेट में आने से एक दंतैल जंगली हाथी की मौत हो गई। घटना सोमवार रात करीब नौ बजे गुंडा गांव के डीटांड टोला की है। बताया जा रहा है कि करीब 40 वर्ष की उम्र का हाथी खेत की मेड़ पार करने के दौरान 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाथी चांडिल वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान वह खेत की मेड़ पार कर हुंरुडीह की ओर बढ़ रहा था। रास्ते में नीचे लटक रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से यह हादसा हो गया।
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम
हाथी की मौत की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने पर वन विभाग (Forest Department) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। वनकर्मियों ने हाथी की मौत से जुड़े आवश्यक तथ्यों को संकलित किया।
बिजली तारों की ऊंचाई पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार काफी नीचे लटक रहा था। उनका कहना है कि यदि बिजली के तार निर्धारित सुरक्षित ऊंचाई पर होते, तो संभवतः इस दर्दनाक हादसे को रोका जा सकता था। हाथी की मौत के बाद बिजली विभाग की व्यवस्था, हाईटेंशन तारों के रखरखाव और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल बिजली तार की वास्तविक ऊंचाई, तकनीकी खराबी और हादसे के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। वन विभाग की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

चतरा के जंगल में मिला महिला का सड़ा-गला और आधा जला शव, इलाके में सनसनी
चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भरही-रबदा बॉर्डर स्थित लाली माटी जंगल में एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला और करीब आधा…

भूषण बाड़ा प्रकरण पर सियासत तेज: दीपक प्रकाश ने सरकार और पुलिस पर बोला हमला, JMM ने निष्पक्ष जांच की मांग की
न्यूज चैनल कार्यालय में पुलिस की कार्रवाई को बताया लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला, विनोद पांडेय बोले- दोषी चाहे कोई भी…


















