राहुल-प्रियंका और छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में गुमला कांग्रेस का धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

निर्मल सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुमला : कांग्रेस नेताओं और छात्रों के खिलाफ कथित कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी गुमला के बैनर तले कचहरी परिसर स्थित हड़ताली वृक्ष के समीप एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष एवं गुमला जिला प्रभारी शमशेर आलम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि इसकी अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने की।
धरना को संबोधित करते हुए शमशेर आलम ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्रों और विपक्षी नेताओं की आवाज को दबाने तथा शांतिपूर्ण आंदोलनों पर पुलिस बल का प्रयोग लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अन्याय और दमन के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई अलोकतांत्रिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। साथ ही, उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर युवाओं के भविष्य पर चिंता जताई।
धरना-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में चर्चा कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा नई दिल्ली में छात्रों और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध दर्ज सभी एफआईआर एवं आपराधिक मामलों को वापस लेने की मांग की गई।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव अकिल रहमान, रोहित उरांव, सुजीत जायसवाल, सीता देवी, अरुण कुमार, मानिक चंद साहू, आजाद अंसारी, मीना टोप्पो, साहेब वसीम, अनिरुद्ध चौबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















